28-Nov-2023 08:57 PM
5981
बैंकॉक, 28 नवंबर (संवाददाता) थाईलैंड में कार्तिक पूर्णिमा को दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया जिसे यहां लोय क्राॅथॉन्ग कहा जाता है।
देश के सभी 75 प्रांतों में लोगों ने हिन्दू और बौद्ध मंदिरों को फूलों और बिजली की रंगबिरंगी झालरों और रोशनी से सजाया और रात में चंद्रमा की रोशनी में लोगों ने परिवार के साथ नदियों, तालाबों के तट पर आकर फूलों, अगरबत्तियों एवं मोमबत्तियों से सजी केले के पत्तों से बनी टोकरी जल में प्रवाहित की।
थाईलैंड की राजधानी में सुखुम्वित क्षेत्र में एक झील में हजारों लोग जुटे और अपने प्रियजनों के साथ इकट्ठा हुए एक पार्क में स्थित झील में दीपदान किया। पार्क के बाहर मेला लगा था।
मान्यता के अनुसार बौद्ध धर्म में क्राॅथॉन्ग के चार घटक हैं। मोमबत्ती, ज्ञान और बुद्धि का प्रतीक है। अगरबत्ती, पवित्रता और सहानुभूति का प्रतीक है। फूल, उन भिक्षुओं की पूजा के प्रतीक हैं जो बुद्ध के शिष्य हैं। पूजा सामग्री का उपयोग मृत पूर्वजों की आत्मा की शांति एवं पुण्यार्जन के लिए किया जाता है। समृद्धि एवं तरक्की की कामना के लिए सिक्के भी रखे जाते हैं।
थाईलैंड में रोशनी के महोत्सव के रूप में जाना जाने वाला, लोय क्रथॉन्ग देश के सबसे मनमोहक और नए साल के त्योहार सोंगक्रान के बाद दूसरा सबसे प्रसिद्ध त्योहार है। यह त्योहार पूरे देश में प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाया किया जाता है। इस के साथ ही लाओस और म्यांमार के शान राज्य के कुछ हिस्सों में भी लोग इसे उल्लास से मनाते हैं जहां इसे तज़ौंगडाइंग कहा जाता है। दुनिया भर से पर्यटक सुखोथाई, चियांग माई और बैंकॉक में इस पर्व का आनंद लेते हैं।
लोई क्राॅथॉन्ग पारंपरिक थाई चंद्र कैलेंडर के 12वें महीने की पूर्णिमा की शाम को होता है। पश्चिमी कैलेंडर में, यह आमतौर पर नवंबर में पड़ता है। त्योहार से एक महीने पहले सटीक तारीख की घोषणा की जाती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस त्योहार की शुरुआत को लेकर कई किंवदंतियां हैं। उनमें से एक यह है कि थाईलैंड एक कृषि-आधारित देश है और थाई लोग सदियों से नदियों को पूजते रहे हैं। नदी के प्रति सम्मान दिखाने के लिए और नदी की देवी प्रा माई खोंगखा से क्षमा एवं दया याचना के लिए थाई लोग क्रथोंग पूजा करते हैं। वे मानते हैं कि इस पूजा से उनकी ग्रह दशा ठीक होती है और दुर्भाग्य से मुक्ति मिलती है। लोग इसे पिछले वर्ष के पापों को धोने और आने वाले वर्ष के लिए शुभकामनाएं प्राप्त करने के समय के रूप में भी देखते हैं।
थाईलैंड के मध्य में स्थित सुखोथाई में लोय क्राॅथॉन्ग की उत्पत्ति का स्थान माना जाता है और यहां यह त्योहार सबसे धूमधाम से मनाया जाता है। सुखोथाई में लोय क्राॅथॉन्ग पांच दिनों तक मनाया जाता है। पुराने शहर के ऐतिहासिक पार्क में जादुई फ्लोटिंग रोशनी के अलावा, सौंदर्य प्रतियोगिताएं, परेड, लोक संगीत प्रदर्शन और प्रकाश और ध्वनि शो भी होते हैं।
उत्तरी थाईलैंड के सबसे बड़े शहर चियांग माई में लॉय क्राॅथॉन्ग के साथ यी पेंग त्योहार भी मनाया जाता है जिसे एक लालटेन उत्सव के रूप में जाना जाता है। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर सांस्कृतिक परेड, आतिशबाजी और पारंपरिक कला प्रदर्शन होता है।...////...