तिरंगा सुगमता से उपलब्ध कराना उद्देश्य, राजनीति करना नहीं : शर्मा
03-Aug-2022 04:16 PM 6360
भोपाल, 03 अगस्त (AGENCY) मध्यप्रदेश में 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई की ओर से आम जन को तिरंगा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोले गए सुविधा केंद्रों को लेकर राज्य में हो रही राजनीति के बीच पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने आज कहा कि केंद्रों का उद्देश्य तिरंगा सुगमता से उपलब्ध कराना है, राजनीति करना नहीं। श्री शर्मा ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया है, उसके आधार पर पार्टी ने तिरंगा सुगमता से उपलब्ध कराने के भाव को लेकर ये केंद्र खोले हैं, राजनीति करना भाजपा का भााव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने के लिए 'फ्री' की संस्कृति को बढ़ावा देती रही है। उन्हें प्रधानमंत्री के इस आह्वान को सकारात्मक तौर पर लेते हुए तिरंगा उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने तिरंगा बेचे जाने से जुड़े कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि पार्टी तिरंगा बेच नहीं रही, उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कांग्रेस पर विकृत मानसिकता का दल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने महात्मा गांधी के विचारों को ही समाप्त कर दिया। भाजपा की प्रदेश इकाई ने कल ऐसे सुविधा केंद्र खोले हैं, जहां आमजन को तिरंगा सुगमता से उपलब्ध हो। कांग्रेस ने इन केंद्रों को लेकर पार्टी पर तिरंगा बेचने का आरोप लगाया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^