तिरंगा यात्रा में शामिल स्मृति ने चलायी स्कूटी
13-Aug-2022 10:52 PM 1356
अमेठी 13 अगस्त (AGENCY) केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी में स्कूटी में सवार होकर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। श्रीमती ईरानी अपने एक दिवसीय दौरे पर आज अमेठी पहुंची जहां रामलीला मैदान अमेठी परिसर से बाइक तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। तिरंगा यात्रा के दौरान केंद्रीय मंत्री लगभग 25 किमी तक स्कूटी चला कर सुजानपुर पहुंची जहां उन्होंने अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। उसके बाद उन्होंने मुख्यालय स्थित एक कालेज में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। केंद्रीय मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अमेठी तो पहले से ही क्रांतिकारी थी। 1857 की क्रांति का जिक्र करते हुए कहा “ जब हिंदुस्तानियों ने देश की आजादी की आवाज उठाई थी कि हम आजाद हिंदुस्तान में रहना चाहते हैं। तब इस अमेठी के कादू नाला से भी आवाज उठी थी।” कादू नाला स्मारक का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा “ यहां 600 वीर जवानों ने शहादत दी थी। मैं उन सेनानियों को नमन करती हूं। आजादी वह नहीं होती है जब एक विधायक 20 साल तक एक बस स्टॉप के लिए प्रतीक्षा करें ।आजादी वह है जो तिलोई में आलीशान बस स्टाफ के रूप में बन गया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा “ कुछ समय के लिए कुछ लोगों ने आजादी छीन ली थी। अब दुबारा ऐसी स्थिति ना बने इस आजादी को बनाए रखने के लिए हमें हर दिन सतर्क रहना है। आज इस कार्यक्रम में पहुंचते ही यहां की अध्यापिकाएं मुझे कक्ष में ले गई जहां भारत विभाजन का मैप दिखाया। उस कमरे में रखा मैप विभाजन का दर्द बयां कर रहा है। ” उन्होंने भारत विभाजन का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे देश के टुकड़े किए गए यह एक साजिश थी। भारत को कमजोर करने के लिए भारत का विभाजन किया गया। अमेठी की पुण्य भूमि से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अभिनंदन करती हूं । भारत के इतिहास में पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने कहा है कि इस तिरंगे को फहराने का लाल किले से किसी एक व्यक्ति को नही है।इस तिरंगे पर हर हिंदुस्तानी का अधिकार है। आप सब ने प्रधानमंत्री की बात को स्वीकारा और सम्मान से हर घर में तिरंगा लहराए आज हम यही निवेदन लेकर अमेठी आए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^