15-Apr-2022 07:30 PM
2668
खण्डवा, 15 अप्रैल (AGENCY) केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि किसान टिशू कल्चर की खेती को बढ़ावा दें।
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंह ने आज यहॉँ ग्राम कोठी में किसान जीवन द्वारा 10 लाख 70 हजार रूपये से निर्मित तालाब का निरीक्षण किया। किसान द्वारा इस तालाब में मछली पालन किया जा रहा है। उन्होंने किसान को अतिरिक्त आय प्राप्त करने के लिए तालाब के आसपास सुरजना के वृक्ष लगाने की सलाह भी दी।
इस दौरान श्री सिंह ने टिशू कल्चर की खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों से चर्चा की और कम खेती वाले किसानों को मुर्गी पालन, पशुपालन भी करने को कहा। उन्होंने उद्यानिकी खेती पर भी जोर देते हुए कहा कि फलदार पौधे लगाकर भी अधिक से अधिक लाभ कमाया जा सकता है।
उन्होंने किसानों से कहा कि टिशू कल्चर की खेती पर जोर दिया जायें और इससे स्वसहायता समूह को भी जोड़ा जायें, ताकि स्वसहायता समूह की महिलाएं भी आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने ग्राम भोगांवा में किसान रविन्द्र सिंह के खेत में जैविक खेती एवं प्राकृतिक खेती तथा किसान द्वारा ली जा रही सीताफल, अमरूद, निम्बू की खेती का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर पूजना अर्चना की।
उन्होंने ओंकारेश्वर में ग्रामीण आजीविका मिशन की महिला स्वसहायता समूहों से चर्चा की और महिलाआें द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं से कहा कि आप जो कार्य कर रही है, उसमें कम से कम प्रत्येक महिला को 8-10 हजार रूपये प्रतिमाह आमदनी होना चाहिए। इसके लिए उनको पशुपालन और मुर्गी पालन का कार्य शुरू करना होगा। उन्होंने कहा कि एक एकड़ खेती में किसान की आमदनी 2 लाख रुपए से 5 लाख रुपए तक होना हमारी सरकार की प्राथमिकता है।...////...