त्रिपुरा में शाम छह बजे तक त्रिपुरा में सबसे अधिक 77.95 प्रतिशत मतदान
26-Apr-2024 08:16 PM 6649
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (संवाददाता) लोक सभा चुनाव के दूसरे चरण में शुक्रवार को त्रिपुरा में मतदान की गति सबसे तेज थी और शाम छह बजे तक वहां 77.95 प्रतिशत मतदाता वहां वोट डाल चुके थे। देश के विभिन्न भागों में तेज धूप और गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश में में मतदान की गति सबसे कम थी और शाम छह बजे तक वहां 53.02 प्रतिशत मतदाता ही वोट देने निकले थे। दूसरे चरण में 12 राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश की कुल 88 सीटों के लिये मतदान कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार, शाम छह बजे तक असम में 70.68 प्रतिशत, बिहार 53.60, छत्तीसगढ़ 72.51, जम्मू-कश्मीर 67.22, कर्नाटक 64.46, केरल 64.95, मध्य प्रदेश .19, महाराष्ट्र 53.71, मणिपुर 76.46, राजस्थान 59.54, त्रिपुरा 77.95, उत्तर प्रदेश 53.02, पश्चिम बंगाल 71.84 प्रतिशत वोट डाले गये थे। केरल में मतदान प्रक्रिया के दौरान एक बूथ एजेंट सहित चार लोगों की मौत हो गयी। कर्नाटक में बेंगलुरु के जेपी नगर के एक केन्द्र पर मतादाओं की कतार में लगी एक अधेड़ महिला को दिल का दौरा पड़ा। उसी कतार में अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे एक चिकित्सक ने तत्काल उसकी सहायता की और उसे पुलिसकर्मियों की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। दूसरे चरण में 88 सीटों पर कुल 15.88 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, जिनके वोट पर 1,206 प्रत्याशियों का चुनावी भविष्य तय हो रहा है। इन सीटों के 1.67 लाख मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान सुबह सात बजे से कराया जा रहा है। निर्वाचन आयोग ने बिहार के संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों बांका, मधेपुरा, खगड़िया और मुंगेर के बहुत कुछ मतदान केन्द्रों पर मतदान समय पूर्वाह्न 07:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक और कुछ पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इस चरण में जिन उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम मशीनों में दर्ज किया जा रहा है, उनमें कांग्रेस के नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, राजीव चंद्र शेखर, पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तथा कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी भी शाामिल हैं। आयोग के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दूसरे चरण में मध्य प्रदेश की बैतूल सीट पर भी चुनाव होना था, लेकिन बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार के निधन के बाद अब इस सीट पर चुनाव सात मई को तीसरे चरण में होगा। आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिये सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये हैं, और उम्रदराज और दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिये विशेष प्रबंध किये गये हैं। दूसरे चरण के चुनाव में केरल की 20, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की आठ- आठ , मध्य प्रदेश की छह, असम और बिहार की पांच-पांच, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल की तीन-तीन और जम्मू-कश्मीर, मणिपुर तथा त्रिपुरा की एक-एक सीट पर मतदान हो रहा है। इन पर 1206 कुल प्रत्याशी चुनावी मैदान में भाग्य आजमा रहे हैं। लोक सभा की कुल 543 सीटों के लिये सात चरणों में कराये जा रहे आम चुनाव की मतगणना चार जून को करायी जायेगी। पहले चरण में 102 सीटों पर 62.37 प्रतिशत मतदान हुआ था, जो 2019 की तुलना में लगभग तीन प्रतिशत कम है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^