तुर्की में आए भूकंप में 50 लोग घायल
23-Nov-2022 04:35 PM 8398
अंकारा 23 नवंबर (संवाददाता) तुर्की के उत्तर-पश्चिमी प्रांत दुजसे में बुधवार सुबह भूकंप के मध्यम झटके महसूस किये। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गयी जिसमें कम से कम 50 लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज डुज और उसके आसपास के अस्पतालों में किया जा रहा है। देश के गृह मंत्री सुलेमान सोयलू ने देश के टेलीविजन चैनल एनटीवी से बात करते हुए कहा कि कुछ लोग घायल हुए हैं और भूकंप से घबराकर एक व्यक्ति बालकनी से कूद गया जिसके कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घरों और इमारतों को भारी नुकसान होने की कोई खबर नहीं है। मंत्री ने देश के सबसे बड़े शहर इस्तांबुल से लगभग 200 किलोमीटर पूर्व में स्थित दुजसे प्रांत में भूकंप का केंद्र होने की जानकारी दी। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि इस क्षेत्र में बिजली काट दी गई थी और बाद में कुछ इलाकों में बहाल कर दी गई। इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री फहरेत्तिन कोका ने कहा कि भूकंप से कम से कम 22 लोग घायल हो गए जिनमें से एक की हालत गंभीर है। एनटीवी ने एक फुटेज में दिखाया कि लोग दहशत में इमारतों से बाहर निकल रहे हैं और सड़कों पर भूकंप रुकने का इंतजार कर रहे हैं। तुर्की आपदा और आपात प्रबंधन प्राधिकरण (एएफएडी) के अनुसार भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 04:08 बजे आया और लगातार 106 झटके महसूस किए गए। इससे पहले 1999 में दुजसे में 7.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें लगभग 800 लोग मारे गए थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^