शहर के दो और वार्ड सौ फीसदी वैक्सीनेटेड
25-Sep-2021 10:45 PM 8464
जबलपुर। कोरोना के संक्रमण से आम नागरिकों को सुरक्षा दिलाने चलाये जा रहे वैक्सीनेशन अभियान के तहत शुक्रवार को आधारताल अनुविभाग के अंतर्गत नगर निगम जबलपुर के दो और वार्ड-संत रविदास वार्ड एवं गुरु गोविंद सिंह वार्ड ने शत-प्रतिशत वैक्सीनेटेड होने का गौरव हासिल किया है। मतदाता सूची के आधार पर इन दोनों वार्डों के सभी पात्र व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी गई है। नगर निगम के संभाग क्रमांक-१५ सुहागी के अंतर्गत आने वाले संत रविदास वार्ड और गुरु गोविंद सिंह वार्ड में सौ फीसदी पात्र आबादी को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का प्रमाण-पत्र नगर निगम के संभागीय अधिकारी संतोष अग्रवाल द्वारा आज शाम एसडीएम आधारताल नम: शिवाय अरजरिया को सौंपा गया। नगर निगम के वार्ड क्रमांक-७७ संत रविदास वार्ड के मतदाता सूची में दर्ज १६ हजार ७५५ नामों में से मृत, बीमार, वार्ड से बाहर गये व्यक्तियों को छोड़कर १६ हजार १५८ व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगा दी गई है। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक-७६ गुरु गोविंद सिंह वार्ड की मतदाता सूची में दर्ज ९ हजार ८४७ नामों में से बीमार, मृत और वार्ड से बाहर चले गये व्यक्तियों को छोड़कर शेष ९ हजार ४४६ व्यक्तियों को वैक्सीन का पहला डोज लगाया जा चुका है। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने शत-प्रतिशत पात्र व्यक्तियों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग जाने पर दोनों वार्डों के निवासियों को बधाई दी है। उन्होंने यहां वैक्सीनेशन के कार्य में लगे स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग एवं नगर निगम के अमले की सक्रियता की सराहना भी की है। कलेक्टर ने कहा कि इन दोनों वार्डों से अन्य वार्ड के निवासियों को भी प्रेरणा मिलेगी और २७ सितम्बर तक शत-प्रतिशत वैक्सीनेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहभागी बनेंगे। इनके पहले नगर निगम के शहीद चंद्रशेखर आजाद वार्ड एवं शहीद बिरसा मुंडा वार्ड की शत-प्रतिशत पात्र आबादी को डोज लगाई जा चुकी थी। संत रविदास और गुरुगोविंद सिंह वार्ड को मिलाकर अब नगर निगम जबलपुर के चार वार्ड वैक्सीन की पहली डोज के मामले में शत-प्रतिशत वैक्सीनेटेड हो चुके हैं। vaccination..///..two-more-wards-of-the-city-are-100-vaccinated-319647
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^