'त्याग की मूर्ति' सोनिया काे परेशान करके बची-खुची हैसियत भी खो देगी मोदी सरकार : कमलनाथ
21-Jul-2022 08:12 PM 8993
भोपाल, 21 जुलाई (AGENCY) मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रवर्तन निदेशालय की ओर से सोनिया गांधी से पूछताछ के मामले में केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए आज कहा कि 'त्याग की मूर्ति' श्रीमती गांधी को इस प्रकार परेशान करके केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार जनता की नजरों में अपनी बची-खुची हैसियत भी खो देगी। श्री कमलनाथ ने अपने ट्वीट में आरोप लगाया कि संवैधानिक, सांस्कृतिक और राजनैतिक तीनों तरह की मर्यादाओं को तार-तार करते हुए मोदी सरकार प्रवर्तन निदेशालय का दुरुपयोग कर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती गांधी को परेशान करने की ओछी हरकतें कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी कांग्रेस की ही नहीं भारत के जन-जन की नेता हैं और त्याग की मूर्ति हैं। वे भारत की ऐसी बहू हैं जिन्होंने अपने पति और सास को मातृभूमि की बलिवेदी पर प्राण न्यौछावर करते हुए देखा है। उन्हें परेशान करके मोदी सरकार जनता की निगाहों में अपनी बची-खुची हैसियत भी खो देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं के इस तरह के दुरुपयोग की कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इस अन्याय के खिलाफ पूरे देश में आवाज उठा रहा है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^