उच्चतम न्यायालय की प्रथम महिला न्यायाधीश फातिमा बीवी का निधन
23-Nov-2023 11:54 PM 1634
कोल्लम (केरल), 23 नवंबर (संवाददाता) उच्चतम न्यायालय की पहली महिला न्यायाधीश और तमिलनाडु की पूर्व राज्यपाल एम फातिमा बीवी का गुरुवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 96 वर्ष की थीं। उन्होंने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य के रूप में भी काम किया। पंडालम की रहने वाली फातिमा बीवी ने अपनी स्कूली शिक्षा पथानामथिट्टा के कैथोलिकेट हाई स्कूल से पूरी की। बाद में उन्होंने तिरुवनंतपुरम के महिला कॉलेज से रसायन विज्ञान में डिग्री प्राप्त की और सरकारी लॉ कॉलेज, तिरुवनंतपुरम से एलएलबी की पढ़ाई की। उन्होंने अपना करियर जिला अदालत से शुरू किया और मजिस्ट्रेट के रूप में न्यायिक सेवा में शामिल हो गयीं। बाद में, वह जिला सत्र न्यायाधीश और केरल उच्च न्यायालय की न्यायाधीश बनीं। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने फातिमा बीवी के दुखद निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, “जस्टिस एम. फातिमा बीवी का योगदान उनकी गहन सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी आत्मा को शाश्वत शांति मिले।” उन्होंने कहा, “उनका जीवन कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प की एक प्रेरणादायक कहानी है।” मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, विपक्षी नेता वीडी सतीसन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला ने भी पूर्व प्रथम महिला एससी न्यायाधीश के निधन पर शोक व्यक्त किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^