उत्तराखंड बस हादसा,चार मरे,24 घायल, धामी ने की राहत राशि की घोषणा
25-Dec-2024 08:42 PM 7214
नैनीताल, 25 दिसंबर (संवाददाता) उत्तराखंड के भीमताल में बुधवार को हुई राज्य परिवहन निगम की बस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गयी जबकि 24 घायल हुए हैं। घायलों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिये हैं। पिथौरागढ़ से हल्द्वानी जाते समय राज्य परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पीए 2822 दोपहर में भीमताल के पास आमडाली में एक कार को बचाने के चक्कर में 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में 29 यात्री सवार थे। इस हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि 24 घायल हो गये। मृतकों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पायी है। मृतकों में एक बच्चा, एक महिला और दो पुरूष शामिल हैं। बस दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सकते में आ गया। तत्काल राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की दो टीमें खैरना और नैनीताल से मौके पर भेजी गयीं। साथ ही दमकल, भीमताल, काठगोदाम पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गयी। स्थानीय लोगों के साथ मौके पर राहत व बचाव कार्य चलाया गया। सभी घायलों को 108 आपातकालीन सेवा और डेढ़ दर्जन निजी एम्बुलेंस के माध्यम से हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। इस हादसे में परिहवन निगम की बस भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी है। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि खाई में लुढ़कते ही बस की छत पूरी तरह से उखड़ कर अलग हो गयी। जानकारों का मानना है कि बस की छत उखड़ने से यात्री बाहर छिटक गये जिससे मृतकों की संख्या में इजाफा नहीं हुआ। बस दुर्घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मृतकों के परिजनों और घायलों को राहत राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। श्री धामी ने कहा कि बस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसमें उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा पांच लाख, जबकि सड़क सुरक्षा निधि से दो लाख और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से तीन लाख रुपए दिए जाएंगे। इसी प्रकार गंभीर रूप से घायल लोगों को तीन लाख एवं सामान्य रूप से घायल व्यक्तियों को 15-25 हजार रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस दुर्घटना के मृतकों के परिजनों और घायलों को राहत राशि के साथ ही, सरकार के स्तर से उन्हें हर संभव मदद प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल लोगों को आवश्यकता अनुसार हायर सेंटर रेफर करने के भी निर्देश दिए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासन को घायलों की मदद और उपचार के लिये सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री के निर्देश पर घायलों के उपचार के लिये ऋषिकेश के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से विशेषज्ञ चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ की टीमों को हल्द्वानी बुलाया गया है। खेल मंत्री रेखा आर्य, मुख्यमंत्री के सचिव और आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत तथा जिलाधिकारी वंदना ने अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना। डीएम ने चिकित्सकों को निर्देश दिये कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं न हो। उन्होंने आगे कहा कि गंभीर घायलों को हायर सेंटर ले जाने की के लिये प्रशासन हरसंभव प्रयास करेगा और एयर एम्बुलेंस की आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध करायी जायेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^