उत्तराखंड में आप भाजपा,कांग्रेस का मजबूत विकल्प: सिसोदिया
17-Dec-2021 10:32 PM 2927
नैनीताल/अल्मोड़ा, 17 दिसंबर (AGENCY) दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अभी तक प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस का कोई विकल्प नहीं था और अब आम आदमी पार्टी (आप) दोनों का विकल्प बनकर उभरी है, इसलिये यहां की जनता आप की ओर बड़ी उत्सुकता से देख रही है। श्री सिसोदिया उत्तराखंड के चार दिनी दौरे के दूसरे दिन भवाली व अल्मोड़ा पहुंच कर सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा व कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि दोनों ने बारी बारी से राज्य को लूटने का खेल चल रहा है। पिछले 21 साल में दोनों दलों ने राज्य की जनता को धोखा दिया है। प्रदेश भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। राज्य की अवधारणा खत्म हो गयी है। भारतीय जनता पार्टी जब पांच साल पहले सत्ता में आयी थी तो उसने बड़े बड़े वादे किये थे। उन्होंने कहा कि लोगों को डबल इंजन सरकार का वास्ता दिया था लेकिन आज पुष्कर सिंह धामी सरकार उन वादों को दोहराने से भी बच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता से बड़ा षड्यंत्र किया है और पांच साल में प्रदेश की जनता को तीन मुख्यमंत्री दिये हैं। इस दौरान प्रदेश में जमकर लूट हुई है। आप नेता ने कहा कि अब मुख्यमंत्री जगह जगह जाकर चुनावी घोषणायें कर रहे हैं। सूचना अधिकार अधिनियम (आरटीआई) 2005 के तहत मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री धामी ने 4 जुलाई से 3 दिसंबर तक 1090 घोषणायें की हैं और 163 पर शासनादेश जारी हुआ है। यानी मात्र 15 फीसदी घोषणाओं पर अमल हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी तक राज्य में दोनों राजनीतिक दलों का कोई विकल्प नहीं था लेकिन अब जनता आप को भारी मतों से जितायेगी। उन्होंने कहा कि आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं वह करते हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री के बतौर उन्होंने दिल्ली को एक माडल राज्य के रूप में विकसित किया है। अब उत्तराखंड की बारी है। उन्होंने आगे कहा कि आप ने यहां की जनता से मुफ्त बिजली, रोजगार के साथ साथ बेरोजगारी भत्ता देेने, महिलाओं को 1000 रुपये देने और प्रदेश को आध्यात्मिक राजधानी बनाने का वादा किया है। उनकी सरकार आने पर चारों वादे पूरे किये जायेंगे। अल्मोड़ा के बाद श्री सिसोदिया बागेश्वर जनपद के कौसानी के लिये रवाना हो गये। वे यहां रात्रि विश्राम करेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^