25-Aug-2024 08:01 PM
3408
चेन्नई, 25 अगस्त (संवाददाता) भारत के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 का विज्ञान डेटा वैज्ञानिक समुदाय के लिए जारी किया गया है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने रविवार को कहा कि डेटा केंद्रीय अंतरिक्ष राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर नयी दिल्ली में जारी किया गया, जिसे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर सॉफ्ट लैंडिंग के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। चंद्रयान-3 मिशन में विक्रम लैंडर, प्रज्ञान रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल (पीएम) शामिल हैं। लैंडर ने 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी उच्च अक्षांशों पर सॉफ्ट लैंडिंग की थी। लैंडिंग के बाद, रोवर लैंडिंग साइट के चारों ओर घूमा और 101 मीटर की दूरी तय की। लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल पर सभी पेलोड संचालित किए गए और लैंडिंग क्षेत्र की भूकंपीयता, ताप-भौतिक गुणों, प्लाज्मा पर्यावरण और मौलिक संरचना से संबंधित इन-सीटू डेटा एकत्र किया गया। गौरतलब है कि भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान डेटा केंद्र (आईएसएसडीसी) इसरो के ग्रहीय मिशनों के डेटा को संग्रहित करने का नोडल केंद्र है।...////...