वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय शंकर मिश्र का निधन, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने जताया शोक
15-Jan-2022 09:25 PM 2277
पटना 15 जनवरी (AGENCY) बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान पार्षद विजय शंकर मिश्र का आज निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। श्री मिश्र लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने पटना सिटी के नूरपर इलाका स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली। उनके परिवार में एक बेटी और एक बेटा हैं। उनका अंतिम संस्कार रविवार को पटना सिटी के सबलपुर घाट पर किया जायेगा । वह 1986 से 1998 तक बिहार विधान परिषद के दो बार सदस्य रहे । उनके निधन पर राज्यपाल फागू चौहान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है । दोनों ने अपने शोक संदेश में कहा कि वे एक कुशल राजनेता एवं समाजसेवी थे। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने भी श्री मिश्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में डॉ. झा ने कहा कि वह एक बेहद सरल और मृदुभाषी व्यक्ति थे। उनके निधन से कांग्रेस परिवार को गहरा दुःख हुआ है। बिहार की राजनीति में उनकी कमी हमेशा खलेगी। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करें।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^