वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने भाजपा को फिर दी चेतावनी
20-Jan-2022 10:54 PM 3259
पटना 20 जनवरी (AGENCY) बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) प्रमुख और मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को एक बार फिर चेतावनी दी है। श्री सहनी ने गुरुवार को यहां भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा, “बोचहा सुरक्षित सीट के लिए होने वाले विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा अपने उम्मीदवार की घोषणा करके दिखाएं। हम उसे सबक सीखाएंगे। उन्होंने कहा कि राजग की तरफ से यह सीट उनकी पार्टी को नहीं मिली तो ऐसे में वह गठबंधन से नाता तोड़ना पसंद करेंगे।” वीआईपी प्रमुख ने भाजपा सांसद अजय निषाद की हैसियत पर भी सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सांसद श्री सहनी की हैसियत ही क्‍या है। उन्होंने कहा है कि भाजपा को नीतीश सरकार से कोई दिक्कत है तो वह गठबंधन से अलग हो सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि वह (श्री कुमार) बिहार में अच्छी तरह से सरकार चला रहे हैं और वह उनके साथ हैं। वहीं, श्री सहनी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और उनके छोटे पुत्र एवं विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह राजद अध्यक्ष को फॉलो करते हैं। तेजस्वी उनके लिए छोटे भाई के समान हैं। जिस दिन हमारे बीच आम सहमति बन जाएगी, हम दोबारा साथ मिलकर राजनीति करेंगे। इस बीच नाराज श्री सहनी को कांग्रेस ने महागठबंधन में शामिल होने का न्योता दिया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने वीआईपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी को महागठबंधन में आने का न्योता दिया है। उन्होंने कहा कि श्री सहनी का राजग में कोई वजूद नहीं है। डेढ़ साल में उन्हें समझ में आ गया। भाजपा उनकी वजूद और पार्टी को बर्बाद कर रही है। पार्टी और समाज का वजूद यदि बचाना है तो उन्हें (श्री सहनी) बिना देर किए महागठबंधन में आ जाना चाहिए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^