विकास का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, कोई भी इससे वंचित न हो: राज्यपाल
01-Dec-2023 08:39 PM 2354
रांची, 01 दिसंबर (संवाददाता) झारखंड के राज्यपाल ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा' एक विकसित सशक्त राष्ट्र के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता व संकल्प है। गुमला जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत अरमई पंचायत में 'विकसित भारत संकल्प योजना' के तहत कार्यक्रम का आज आयोजन किया गया जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल सी०पी० राधाकृष्णन मौजूद थे। राज्यपाल ने कहा कि 'विकसित भारत संकल्प यात्रा' का शुभारंभ हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की पावन भूमि से किया गया था। कार्यक्रम का उद्देश्य देश भर में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं व पहलों के बारे में लोगों के बीच जागरूकता उत्पन्न करना है। विकास का लाभ प्रत्येक नागरिक तक पहुंचे, कोई भी इससे वंचित न हो, यह सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने 2047 तक विकसित आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि देश से गुलामी की मानसिकता को उखाड़ फेंकना है। राज्यपाल ने कहा कि हमारे विकास का मापदंड शिक्षा है। यह यात्रा लोगों को कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों के संदर्भ में अवगत कराने एवं शिक्षित करने का अभिनव तरीका है जो उनके सामाजिक-आर्थिक विकास में सहायक है। इस यात्रा का उद्देश्य यह है कि लोग सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक हों और इन्हें इन योजनाओं का लाभ मिले। इस यात्रा से लोगों को स्वच्छता, वित्तीय सेवाएं, एलपीजी सिलेंडर, आवास, खाद्य सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल इत्यादि से संबंधित योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होगा। माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा खाद्यान्न सुरक्षा की दिशा में संचालित पांच किलोग्राम नि:शुल्क अनाज मुहैया कराने वाली योजना को अगले 5 वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कारने की दिशा में लगातार कार्य हो रहे हैं। महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी सिलिंडर प्रदान किया जा रहा है, ताकि उन्हें हानिकारक धुएं से मुक्ति मिले। आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा भी प्रदान की जा रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^