विपक्ष की महारैली पर फूटा, भाजपा का पोस्टर बम
31-Mar-2024 09:36 PM 3277
नयी दिल्ली, 31 मार्च (संवाददाता) लोकसभा चुनाव के पहले दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष के इंडी गठबंधन की महारैली के जवाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक व्यापक एवं सघन पोस्टर बैनर अभियान छेड़ दिया है जिसमें विपक्ष को भ्रष्टाचार बचाओ गठजोड़ करार दिया। भाजपा ने राजधानी में रामलीला मैदान की तरफ जाने वाले सभी प्रमुख सड़कों के चौराहों को बड़े-बड़े बैनरों और पोस्टरों से पाट दिया जिनमें विपक्ष की रैली पर निशाना बनाया गया है। विपक्षी गठबंधन की ओर से इस हमले का कोई प्रभावी जवाब नहीं आया है। तकरीबन सभी विपक्षी दलों के रामलीला मैदान में जमावड़े में उनके नेताओं ने भाजपा नीत केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह विपक्ष को कमजोर करने के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), आयकर विभाग और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) जैसी एजेंसियों का जबरदस्त दुरुपयोग किया जा रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों के सहारे एक-एक कर विपक्ष के सभी बड़े नेताओं को या तो जेल में बंद कर दिया है, या उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर मुकदमे चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य जनता के बीच विपक्ष की छवि को खराब करना है। विपक्ष का आरोप है कि इसके सहारे भाजपा लोकसभा चुनाव में बढ़त बनाना चाहती है। लेकिन इसी बीच भाजपा ने अपना पोस्टर अभियान छेड़ दिया। भाजपा ने अपने पोस्टरों बैनरों में यह आरोप लगाया है कि पूरा विपक्ष भ्रष्टाचारी नेताओं को बचाने के लिए एकजुट हो गया है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से भ्रष्टाचार को हटाने का संकल्प लिया है। भाजपा का यह पोस्टर अभियान केवल सड़कों, चौराहों और गलियों, मोहल्लों तक सीमित नहीं रहा बल्कि यह अभियान बहुमंजिली हाउसिंग सोसाइटियों, ऑटो रिक्शा एवं टैक्सियों, बस स्टाॅप तक जा पहुंचा। हाउसिंग सोसाइटियों की लिफ्ट लाॅबी में भी पोस्टर लगवाए गए हैं। भाजपा के पोस्टरों एवं बैनरों में एक तरफ जेल में बंद किसी नेता की तस्वीर दिखाई गई है, वहीं दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भ्रष्टाचार पर वार करने की बात कहते हुए दिखाए गए हैं। भाजपा ने आज अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर पोस्टर जारी करते हुए विपक्ष की इस रैली को भ्रष्टाचारी दलों और नेताओं का मेला बताया था। इस तरह से भाजपा ने 2024 का लोकसभा चुनाव भ्रष्टाचार के मुद्दे के इर्द गिर्द केंद्रित करने का दांव चला है। भाजपा के एक नेता ने कहा कि श्री अरविंद केजरीवाल ने इसी रामलीला मैदान से तत्कालीन विपक्ष के भ्रष्ट नेताओं और राजनीतिक दलों पर कड़ा हमला किया था और उसी के बाद वह एक लोकप्रिय नायक के रूप में उभरे थे। लेकिन आज वही आम आदमी पार्टी और समूचा विपक्ष एकजुट होकर भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को बचाने की बात कर रहा ह भाजपा नेता ने कहा कि देश की जनता खुली आंखों से यह देख रही है कि पूरा विपक्ष भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए गठबंधन कर चुका है। उन्हें लगता है कि विपक्षी दलों का यह प्रयास सफल नहीं होने पाएगा और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन 400 सीटों से अधिक पर सफलता प्राप्त करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^