विरोधी दल के लोग प्रलोभन नहीं, अंतरात्मा की आवाज पर दे रहें हैं द्रौपदी मुर्मू को समर्थन: शिवराज
15-Jul-2022 08:52 PM 4579
भोपाल, 15 जुलाई (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि द्रौपदी मुर्मू काे विरोधी दलों के लोग भी राजनीति के ऊपर उठकर समर्थन दे रहे हैं। वह किसी तरह के प्रलोभन पर नहीं, बल्कि अपनी अंतरात्मा की आवाज पर श्रीमर्ती मुर्मू को समर्थन दे रहे हैं। श्री चौहान ने यह बात यहां मुख्यमंत्री निवास पर श्रीमर्ती मुर्मू के स्वागत में आयोजित सांसदो और विधायकों की बैठक को संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती मुर्मू के राष्ट्रपति प्रत्याशी घोषित होते ही देश में जो हलचल मची है, वह पहले कभी नहीं दिखी। हमारे विरोधी दलों के लोग भी राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं। यहां तक कि कांग्रेस के अंदर भी ये सवाल उठ रहे हैं कि द्रौपदी क्यों नहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरा देश अपनी अंतरात्मा की आवाज पर श्रीमती मुर्मू के साथ है। मध्यप्रदेश में भी पार्टी के अलावा कुछ अन्य विधायक श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में खड़े हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वे किसी प्रलोभन में ऐसा कर रहे हैं। लोग अपनी अंतरात्मा की आवाज पर उन्हें समर्थन दे रहे हैं और उनका सभी से आग्रह है कि अपनी आत्मा की आवाज पर श्रीमर्ती मुर्मू के समर्थन में अधिक से अधिक मतदान करें। बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री शेखावत ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने पहली बार एक महान वैज्ञानिक को राष्ट्रपति बनाकर देश को गौरवान्वित किया था। पिछली बार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक दलित नेता को सर्वोच्च संवैधानिक पद के लिए चुना। इस बार कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था कि एक आदिवासी महिला को यह अवसर मिलेगा, लेकिन द्रौपदी मुर्मू को प्रत्याशी घोषित करने के निर्णय से पूरा देश आनंदित और उत्साहित है। उनका चुनौतीपूर्ण सफर हम सबके लिए और देश के जनजातीय समाज के लिए अनुकरणीय और प्रेरणादायक है। उन्होंने पार्षद, विधायक, मंत्री और राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए आदिवासी वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। उन्होंने अपनी सारी पूजीं जनजातीय वर्ग की बच्चियों के भविष्य को उज्जवल बनाने के लिए समर्पित कर दी। श्री शेखावत ने सांसदों एवं विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव की मतदान प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी। मंच का संचालन प्रदेश शासन के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज का दिन बहुत ही गौरव का दिन है। एनडीए की राष्ट्रपति प्रत्याशी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज हम सबके बीच आयीं हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती पर रानी दुर्गावती, टंट्या मामा, शंकर शाह, रघुनाथ शाह जैसे क्रांतिकारी वीरों ने जन्म लिया है। जनजातीय वीरों की इस भूमि पर द्रौपदी मुर्मू का आना हमारे लिए गौरव और आनंद का विषय है। श्री शर्मा ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित एनडीए नेतृत्व का आभार मानते हैं जिन्होंने जनजातीय समुदाय की श्रीमती मुर्म को राष्ट्रपति प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा से जनजातीय समाज के विकास की पक्षधर रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस की शुरूआत की और उसके बाद देश में इसकी शुरूआत हुई। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के माध्यम से राजनीति को नई दिशा दे रहे हैं। श्री शर्मा ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों के बाद भी किसी ने यह कल्पना नहीं की होगी कि जनजातीय समाज का कोई व्यक्ति देश के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है। इस अवसर पर मंच पर पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, सह प्रभारी पंकजा मुंडे, राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते सहित प्रदेश शासन के मंत्री, सांसद विधायक उपस्थित थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^