विष्णुदेव साय कल मोदी की मौजूदगी में लेंगे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ
12-Dec-2023 01:12 PM 7677
रायपुर 12 दिसम्बर(संवाददाता)श्री विष्णुदेव साय कल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री के पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। श्री साय को राजधानी के साइंस कालेज मैदान में दोपहर दो बजे आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलवायेंगे। इस मौके पर दो उप मुख्यमंत्रियों समेत मंत्रिमंडल के सदस्यों को भी शपथ दिलायी जायेंगी। कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा,केन्द्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया,भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन सहित अनेक राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।मनोनीत मुख्यमंत्री साय ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम में राज्य के निवर्तमान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को आज व्यक्तिगत रूप से फोन कर आमंत्रित किया है। इस बीच शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां साइंस कालेज मैदान में जोर-शोर से की जा रही है। शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मंच बनाए जा रहे हैं,जिसमें बीच के मंच में शपथ ग्रहण होगा तथा एक ओर अतिविशिष्ट आमंत्रित व्यक्तियों तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच बनाया जा रहा है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए जा रहे हैं। शपथ ग्रहण को ज्यादा से ज्यादा लोग देख सके इसके लिए एल.ई.डी.स्क्रीन भी लगायी जा रही है। मैदान में 50 हजार से अधिक लोगों की बैठक व्यवस्था की तैयारी चल रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगभग 1000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^