विश्व कप डेब्यू के लिये उत्साहित हैं अभिषेक
24-Sep-2022 03:36 PM 4772
बेंगलुरु, 24 सितंबर (संवाददाता) भारतीय पुरुष हॉकी टीम के युवा खिलाड़ी अभिषेक ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2023 की तैयारियों के बीच शनिवार को कहा कि वह अपने विश्व कप पदार्पण को लेकर उत्साहित हैं। अभिषेक इस समय भारतीय टीम के साथ बेंगलुरु के राष्ट्रीय खेल प्राधिकरण (साई) में हॉकी विश्व कप 2023 के लिये तैयारी कर रहे हैं। यदि अभिषेक का टीम में चयन होता है तो वह ओडिशा में होने वाले विश्व कप में पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। अभिषेक ने शीर्ष आयोजन में अपने संभावित पदार्पण के बारे में कहा,“ मैंने विश्व कप जैसे बड़े मंच पर इससे पहले प्रतिस्पर्धा नहीं की। मैं जानता हूं कि कई सारे प्रशंसक होंगे जो घरेलू मैदान पर हमें समर्थन देंगे। मुझे उम्मीद है कि मैं जनवरी में अपना विश्व कप पदार्पण कर सकूंगा और इसे यादगार बना सकूंगा। भुवनेश्वर और राउरकेला में एफआईएच हॉकी विश्व कप 2023 में मज़ा आने वाला है। ” अभिषेक ने अपने करियर में पहली बार सफलता का स्वाद बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में चखा जहां भारत ने रजत पदक जीता। युवा खिलाड़ी ने बर्मिंघम में अपने अनुभव के बारे में कहा, “बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में जीता गया रजत वरिष्ठ टीम के साथ मेरा पहला पदक था। पदक जीतने के बाद मेरे रिश्तेदार और पड़ोसी मेरे परिवार से मिलने घर आये। मीडिया भी घर आया। इस सब से मेरे परिवार को खुशी पहुंची। अपने पहले टूर्नामेंट में अपना पहला पदक जीतना शानदार अनुभव था। ” अभिषेक को उम्मीद है कि भारत एफआईएच विश्व कप 2023 में पोडियम पर जगह बना पायेगा। उन्होंने कहा कि वह इस बड़े आयोजन में टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिये अपनी फिटनेस और कार्यक्षमता पर काम कर रहे हैं। जनवरी में संभावित विश्व कप की शुरुआत से पहले, उनके पास 2022-23 एफआईएच पुरुष हॉकी प्रो लीग में अपना हुनर दिखाने का मौका है, जब भारत भुवनेश्वर में कुल छह मैचों के लिए न्यूजीलैंड और स्पेन की मेजबानी करेगा। उन्होंने कहा, “ टीम 2022-23 एफआईएच हॉकी पुरुष प्रो लीग के लिए अच्छी तैयारी कर रही है। न्यूजीलैंड और स्पेन के खिलाफ मैच से पहले ज्यादातर चीजें फिटनेस और फिनिशिंग पर केंद्रित हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^