यह चुनाव लोकतंत्र व गरीबों के हक को बचाने का है :राहुल
29-Apr-2024 10:25 PM 6956
बिलासपुर 29 अप्रैल (संवाददाता) कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि ये चुनाव लोकतंत्र और गरीबों के हक को बचाने का है। श्री गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री मोदी पर आरक्षण को हथियार बनाकर गरीबों का हक छीनने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह देश में आरक्षण की व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। उन्होंने कहा,“आरक्षण का मतलब है- देश में ग़रीबों, आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों की न्यायपूर्ण भागीदारी। और श्री मोदी निजीकरण को अस्त्र बना कर आपसे ये हक़ छीन लेना चाहते हैं।” उन्होंने कहा,“कुछ दिनों पहले तक नरेंद्र मोदी ‘400 पार’ का नारा दे रहे थे, लेकिन दो चरणों के चुनाव के बाद भाजपा की कलई खुल गई। भारतीय जनता पार्टी का संविधान बदलने और आरक्षण को ख़त्म करने का नापाक मंसूबा देश के सामने आ चुका है। हालात ये हैं कि श्री मोदी कांग्रेस के ‘न्याय पत्र’ में जातिगत जनगणना की बात पर भ्रम फैला रहे हैं। उन्हें बताना चाहिए कि वह जातिगत जनगणना और आरक्षण के साथ हैं या खिलाफ हैं। श्री गांधी ने कहा कि अब श्री मोदी कह रहे हैं कि वह संविधान और गरीबों के अधिकार के खिलाफ नहीं है। श्री गांधी ने कहा कि दुनिया मे कोई शक्ति पैदा नहीं हुई, जो संविधान को फाड़कर फेंक सके। अगर 24 साल तक हर किसान का कर्जा माफ करो तो 16 लाख करोड़ होता है। देश 22 लोगों के पास इतना अधिक धन है, जितना देश के 70 प्रतिशत लोगों के पास नहीं है। उन्होंने कहा कि पुरुष आठ घंटे काम करते हैं, लेकिन महिलाएं बाहर और फिर घर में कुल मिलाकर 16 घंटे काम करती हैं। देश के गरीब परिवारों की लिस्ट बनेगी, इस लिस्ट में शामिल महिला के बैंक अकाउंट में साल के एक लाख रुपए दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री मोदी ने युवाओं को बहुत परेशान किया, देश में 45 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। पेपर लीक होता है, अप्रेंटिसशिप नहीं मिलती। हम युवाओं को अप्रेंटिसशिप देने जा रहे है, यानी आपकी पहली नौकरी पक्की। श्री गांधी ने कहा कि श्री मोदी ने बेरोजगारी की दीवार बनाई है उसे हम तोड़ने जा रहे हैं। करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा। जितना पैसा श्री मोदी ने पूंजीपतियों को दिया उतना ही पैसा हम आपको देने जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से कहा कि सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। इसके अलावा एमएसपी देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि मार्केट में आप जो भी खरीदते हैं उसका सही दाम मिलता है लेकिन किसानों को उनका सही दाम नहीं मिलता है। न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के जरिए उन्हें उनका हक दिया जाएगा। श्री गांधी ने मनरेगा मजदूरों को लेकर कहा कि मनरेगा में आज की तारीख में 250 रुपया मिलता है सरकार बनते ही उसे 400 रुपए किया जाएगा। राहुल गांधी ने भाजपा के घोषणा पत्र पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणा पत्र देखिए लोगों को चांद पर पहुंचाने की बात करते हैं। पर कोविड आता है तो थाली बजाने, मोबाइल का टार्च जलाने को बात करते हैं। उन्होंने बिलासपुर से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव जिताकर संसद भेजने की अपील की। मंच पर श्री गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट, डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी चीफ दीपक बैज, बिलासपुर लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र यादव, चंदन यादव, जयसिंह अग्रवाल समेत अन्य दिग्गज नेता मौजूद थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^