येदियुरप्पा पुत्र विजयेंद्र के लिए छोड़ेंगे शिकारपुरा सीट
22-Jul-2022 05:52 PM 5762
शिमोगा, 22 जुलाई (AGENCY) कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी शिकारपुरा सीट को पुत्र बी वाई विजयेंद्र के लिए छोड़ने का निर्णय लिया है। इसे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। श्री येदियुरप्पा ने बुधवार को शिमोगा में कहा कि वह आगामी 2023 विधानसभा चुनाव में अपने शिकारपुरा निर्वाचन क्षेत्र को पुत्र विजयेंद्र के लिए छोड़ देंगे। उनके इस फैसले से न सिर्फ भाजपा को बल्कि उनके समर्थकों को भी बड़ा झटका लगा है। उनके समर्थकों का मानना है कि यदि श्री येदियुरप्पा चुनाव में इस सीट से खड़े नहीं हुए तो पार्टी को झटका लग सकता है। उनके इस फैसले से अगले चुनाव में लिंगायत वोटों पर असर पड़ेगा। इसके बाद राज्य के राजनीतिक गलियारों में बड़ी बहस छिड़ गयी है। श्री येदियुरप्पा ने अपने निर्वाचन क्षेत्र शिकारपुरा के अंजनापुर जलाशय का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि श्री विजयेंद्र पर चुनाव का दबाव है, इसलिए वे शिकारपुरा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि शिकारपुरा के लोग श्री विजयेंद्र को भी बड़े अंतर से जिताने का प्रयास करेंगे। ऐसी खबरें हैं कि श्री येदियुरप्पा को भारतीय जनता पार्टी उच्च कमान की ओर से पहले जैसी तवज्जो नहीं मिल रही है। श्री येदियुरप्पा को कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री पद से हटाकर श्री बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया था। श्री येदियुरप्पा ने श्री विजयेन्द्र को विधान परिषद सदस्य बनाकर मंत्री पद दिलाने के लिए बड़े प्रयास किये, लेकिन सब व्यर्थ गए। श्री येदियुरप्पा ने अब पुत्र विजयेंद्र के भविष्य के लिए अपने निर्वाचन क्षेत्र शिकारपुरा से उन्हें चुनाव लड़ाने का फैसला किया है। श्री येदियुरप्पा अब चुनाव लड़ेंगे या राजनीति छोड़ देंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^