यूक्रेन विवाद:जी-7 देशों के रुख को अपनाएगा जापान
26-Jan-2022 06:59 PM 6560
टोक्यो, 26 जनवरी (वार्ता/स्पूतनिक) जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिडा ने संसदीय बजट आयोग की एक बैठक के दौरान कहा कि जापान यूक्रेन के इर्द-गिर्द चल रहे विवाद पर चिंतित है और जी-7 की राय के अनुसार ही इसपर अपनी प्रतिक्रिया देगा। क्योडो समाचार एजेंसी ने प्रधानमंत्री किशिडा के हवाले से कहा,“हम बड़ी चिंता के साथ (यूक्रेन की) स्थिति पर नज़र रखे हुए हैं क्योंकि रूस (यूक्रेन से लगी सीमा पर) अपनी सैन्य उपस्थिति बढ़ा रहा है। हम जी-7 देशों की कार्रवाई को विशेष महत्व देते हुए उचित प्रतिक्रिया देने पर विचार कर रहे हैं।” समाचार एजेंसी के अनुसार, मंगलवार को श्री किशिडा की अध्यक्षता वाली सत्तारूढ़ लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के सदस्यों ने कहा कि यदि रूस यूक्रेन पर आक्रमण करता है तो उस पर प्रतिबंध लगाया जा सकता है। इस प्रतिबंध में रूस से आयात होने वाली प्राकृतिक गैस भी शामिल है। रूस ने बार-बार इन दावों का खंडन किया है कि यूक्रेन से लगी सीमा पर सैन्य बल पड़ोसी देश पर हमला करने के लिए बढ़ाया है। मॉस्को ने रूसी सीमाओं के पास नाटो की सैन्य गतिविधि की ओर इशारा करते हुए यूरोप में सुरक्षा गारंटी पर प्रस्तावों का एक सेट अमेरिका और नाटो को दिया है। वाशिंगटन इस सप्ताह के अंत तक प्रस्तावों पर एक लिखित उत्तर दे सकता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^