आर्थिक गरीब कल्याण नीतियों के लिए भाजपा ने की मोदी की प्रशंसा
02-Jul-2022 10:23 PM 6219
हैदराबाद, 02 जुलाई (AGENCY) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कोविड काल और फिर यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय आर्थिक दबावों के बावजूद देश की आर्थिक विकास दर विश्व में सबसे ऊंची होने तथा देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त भोजन देकर बड़ी आबादी को संकट से बचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की आज भूरि भूरि प्रशंसा की और कहा कि श्री मोदी की दूरदृष्टि एवं अद्भुत नेतृत्व क्षमता से भारतीय अर्थव्यवस्था एक वैश्विक मॉडल बन चुकी है। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शनिवार को पारित ‘आर्थिक और गरीब कल्याण संकल्प प्रस्ताव’ में यह बात कही गयी। यह प्रस्ताव रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पेश किया और राज्यसभा में नेता सदन पीयूष गोयल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इसका अनुमोदन किया। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने यहां संवाददाताओं को बताया कि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक में ‘आर्थिक और गरीब कल्याण संकल्प प्रस्ताव’ पहला प्रस्ताव अभी-अभी पारित हुआ है। इसका प्रस्ताव रक्षा मंत्री ने किया और इसका समर्थन राज्यसभा में भाजपा के नेता श्री गोयल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री खट्टर ने किया। उन्होंने कहा कि देश में गरीबों की चिंता भाजपा सरकार की प्राथमिकता रही है। हर एक कदम, हर एक फैसला देश के गरीबों को ध्यान में रखते हुए मोदी सरकार ने किया है। श्री प्रधान ने कहा कि आर्थिक रूप से देश की रफ्तार बहुत ही उत्साहजनक है। वर्ष 2021-22 में 8.7 प्रतिशत की विकास दर सभी के सामने आयी है। इसी बीच में देश का निर्यात बढ़ा है, देश में विदेशी निवेश ज्यादा आया है। पिछले आठ वर्षों में देश में जीएसटी से लेकर उत्पादकता आधारित रियायतें तक अनेक निर्णय लिए गए हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व, उनकी दृष्टि और निर्णय शक्ति को जिसमें जो वादा हमने किया था, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ ये हमारी सरकार के गवर्नेंस की पद्धति रही है। श्री प्रधान ने कहा कि कोविड काल के पहले एवं बाद के परिदृश्य के अंतर और फिर यूक्रेन संकट में वैश्विक अर्थव्यवस्था में बहुत दबाव आया है और विश्व में कोई देश इससे अप्रभावित नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत की वृद्धि दर और 25 माह से देश की 80 करोड़ लोगाें को मुफ्त भोजन देने की नीति के परिणाम देख कर दुनिया हैरान है। वर्ष 2020 में जो अर्थशास्त्री भारत के बारे में नकारात्मक बातें कह रहे थे, आज वे भारत को वैश्विक मॉडल के रूप में देख रहे हैं। यह श्री मोदी की दूरदृष्टि और अद्भुत नेतृत्व क्षमता का परिणाम है।पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी ने दस लाख केन्द्र सरकार की नौकरियों के लिए भर्ती खोले जाने और अग्निपथ रोज़गार योजना के लिए भी मोदी सरकार की सराहना की। गरीब कल्याण योजना को आगे बढ़ाये जाने को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी देश के नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रख कर उचित निर्णय लेंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^