ऐसा कोई सगा नहीं, जिसे आप-दा ने ठगा नहींः राजनाथ
30-Jan-2025 09:42 PM 13610
नयी दिल्ली, 30 जनवरी (संवाददाता) रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने आम आदमी पार्टी (आप) पर भ्रष्टाचार के भंवर में फंसे होने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को कहा कि ऐसा कोई सगा नहीं, जिसको आप-दा ने ठगा नहीं। श्री सिंह ने आज दिल्ली कैंट और विश्वास नगर विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशी क्रमशः के भुवन तंवर और श्री ओम प्रकाश शर्मा के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनलोकपाल और भ्रष्टाचार खत्म के मुद्दे पर आप सत्ता में आई थी, लेकिन आज स्वयं घोटालों के बीच में फंस कर इनकी सरकार दम तोड़ रही है। उन्होंने कहा, “ऐसा कोई सगा नहीं जिसको आप-दा ने ठगा नहीं। किसी मुख्यमंत्री और मंत्री के लिए बड़े मकान क्यों बनना चाहिए, यह बयान देकर राजनीति में आए पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने अपने लिए शीशमहल बनवा लिया।” उन्होंने कहा कि आप की सरकार ने ना तो सही ढंग से पानी की समस्या का समाधान किया और ना ही किसी भी प्रकार की व्यवस्था की। एक बारिश में दिल्ली झील बन जाती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रेगिस्तान और पहाड़ों पर भी पानी पहुंचाने का काम किया है, लेकिन दिल्ली में ये पानी तक मुहैया नहीं करा पाए। उन्होंने कहा, “जिस व्यवस्था के दम पर हमारा देश चलता है और जिस संविधान के साथ हम आजादी के बाद एक सूत्र में पिरोये हुए हैं, उस संविधान का भी ये मजाक उड़ाने से पीछे नहीं हटे।” श्री सिंह ने कहा कि देश में जब लोकसभा का चुनाव हुआ, तो उस वक्त हिंदुस्तान की जनता ने भाजपा पर विश्वास किया और श्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनने के लिए समर्थन दिया। उन्होंने कहा, “राजनेताओं की कथनी और करनी में अंतर होने के कारण जनता उन पर विश्वास करना छोड़ती जा रही है। यह बहुत बड़ा संकट हैं और इस संकट को अगर किसी ने चुनौती के रुप में स्वीकार किया है, तो वह अकेले भाजपा है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो कहती है, उसे करती है। उन्होंने कहा, “कोई भी एक उदाहरण ऐसा बता दें कि जो हमने कहा उसे पूरा नहीं किया हो, तो मैं स्वयं माफी मांगूगा। 2014 से लेकर 2024 तक के सभी घोषणा पत्र देखकर आपको इस बात का एहसास हो सकता है कि हमने जो वायदें किए हैं, उसे पूरा करके दिखाया है। अगर हमने कहा है और किया है, तो आप हमें वोट दें।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जाने के बाद सैकड़ों राजनीतिक पार्टियां हुई लेकिन किसी ने केन्द्र में सरकार नहीं बनाई और अगर किसी ने बनाई तो वह सिर्फ 06 महीने के लिए या उससे कम दिनों के लिए ही बना पाई। आज अगर पिछले तीन बार से जनसमर्थन भाजपा को मिल रहा है तो वह सिर्फ विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की सरकार बना दीजिए, फिर देखिए सारी व्यवस्था ठीक करने के साथ ही मोदी सरकार की योजनाएं दिल्ली में लागू कर दी जायेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^