अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़कर आगे बढ़ रहा है भारत : मुरुगन
27-Mar-2022 11:42 PM 4543
भोपाल, 27 मार्च (AGENCY) केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल मुरुगन ने आज कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश जहां एक तरफ निरंतर विकास कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ अपनी सभ्यता और संस्कृति की जड़ों की ओर भी लौट रहा है। श्री मुरुगन ने यहां रविन्द्र भवन में चित्र भारती फ़िल्म फेस्टिवल के चतुर्थ संस्करण के समापन समारोह में यह बात कही। श्री मुरुगन ने कहा कि अपनी संस्कृति को सब तक पहुंचाने के लिए आवश्यक है कि हम संस्कृति से जुड़ी कहानियां भी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि चित्र भारती के माध्यम से इस तरह की फिल्में बनाई जा रही हैं। केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि भारतीय साहित्य में अनेक ऐसी कहानियां भरी पड़ी है, जो भारत की संस्कृति को दर्शाती हैं लेकिन हैरत की बात है कि आखिर इन पर फिल्में क्यों नहीं बनाई जाती। वर्तमान समय में फिल्में एक सशक्त माध्यम है, जिसके जरिये दुनिया तक भारत की बात पहुंचाई जा सकती है। श्री मुरुगन ने भारतीय चित्र साधना को चित्र भारती फ़िल्म फेस्टिवल जैसा आयोजन करने की बधाई दी। समारोह में इन दिनों की चर्चित फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' के निर्माता-निर्देशक विवेक अग्निहोत्री एवं अभिनेत्री पल्लवी जोशी का सम्मान किया गया। अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने इस मौके पर कहा कि चित्र भारती की ओर से सुझाये गए दो कलाकारों को अपनी अगली फिल्म में लेंगे और उन्हें एक-एक लाख रुपये भी दिया जाएगा। इस अवसर पर प्रख्यात अभिनेता डॉ. गजेंद्र चौहान और निर्देशक अभिनव कश्यप ने भी अपने विचार व्यक्त किए। निर्णायक मंडल के सदस्य योगेश सोमण ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि चित्र भारती फ़िल्म फेस्टिवल में आईं फिल्मों के विषय में नवीनता थी। भारतीय चित्र साधना और चित्र भारती फ़िल्म फेस्टिवल की जानकारी महासचिव अतुल गंगवार ने दी। कार्यक्रम का संचालन महाभारत फेम प्रख्यात आवाज कलाकार डॉ. हरीश भिमानी ने किया। सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री श्री मुरुगन ने फ़िल्म फेस्टिवल के चतुर्थ संस्करण में पांच विभिन्न श्रेणियों में कुल 10 लाख के नगद पुरस्कार भारतीय चित्र साधना की ओर से दिए। लघु फिल्म 'छोटी सी बात' एवं डॉक्यूमेंट्री फ़िल्म 'भारत- प्रकृति का बालक' के निर्माता क्रमशः कबीर शाह और दीपिका कोठारी को 1-1 लाख रुपये राशि के सबसे बड़े पुरस्कार दिए गए।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^