अरविंद केजरीवाल के बाद शिवराज ने दिखाया सिंगरौली में दम
03-Jul-2022 09:11 PM 7629
सिंगरौली, 03 जुलाई (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण ही आतंकवाद बढ़ा है, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हमेशा इसके खिलाफ रही है। कोयला और अन्य प्राकृतिक संसाधनों के लिए प्रख्यात मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न में नगर निगम चुनाव में आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की नीति के चलते ही राजस्थान के उदयपुर में एक व्यक्ति का गला रेत दिया गया। अब महाराष्ट्र से भी इस तरह की खबर आयी है। श्री चौहान ने कहा कि भाजपा किसी भी धर्म की विरोधी नहीं है। हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, लेकिन तुष्टिकरण में विश्वास नहीं रखते हैं। इसके साथ ही भाजपा की यह नीति भी साफ है कि आतंकवादियों और आतंक फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। श्री चौहान ने स्थानीय मुद्दों का भी जिक्र किया और कहा कि इस शहर का विकास भाजपा ही कर सकती है, इसलिए यहां के लोग दूसरे दलों के बहकावे में नहीं आएं। इसके पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने कल यहां आप प्रत्याशी के पक्ष मेें चुनाव प्रचार किया था। एक दिन बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सिंगरौली जिला मुख्यालय बैढ़न पहुंचे और भाजपा के महापौर प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो भी किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि सिंगरौली का विकास सिर्फ भाजपा ही कर सकती है, इसलिए यहां के नागरिक दूसरे दलों के बहकावे में नहीं आएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तो सिंगरौली को जिला भी नहीं बना पायी थी। यह कार्य भी भाजपा की सरकार ने किया। श्री चौहान ने कहा कि दूसरे दलों के प्रत्याशी जनता को धनबल के जरिए नागरिकों को प्रभाव में लेने की कोशिश करेगी, इसलिए जनता को उनके बहकावे में नहीं आना चाहिए। भाजपा इस क्षेत्र के विकास के लिए संकल्पित है। सिंगरौली के विकास के लिए धन की कमी नहीं होगी और इसकी देश में नयी पहचान बनायी जाएगी। सिंगरौली नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के अलावा आम आदमी पार्टी भी दम खम दिखाती हुयी नजर आ रही है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^