29-May-2022 10:57 PM
5732
इम्फाल, 29 मई (AGENCY) मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने रविवार को असम के सिलचर में आयोजित असम मणिपुरी पीपुल्स कन्वेंशन में बड़ी संख्या में मणिपुरियों के आने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हमें भाईचारे की भावना को हमेशा बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
सम्मेलन में असम के विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे मणिपुरियाें के विभिन्न समुदायों मैतेई, मैतेई पंगलके सदस्यों ने हिस्सा लिया। असम मणिपुरी पीपुल्स कन्वेंशन का आयोजन ऑल असम मणिपुरी यूथ्स एसोसिएशन ने किया था।
इस मौके पर एन. बीरेन सिंह ने कहा कि असम और मणिपुर में रहने वाले मणिपुरियों के बीच सदियों से खून का अटूट रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा, 'हमें हमेशा हमारे बीच भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना चाहिए।" ऐसा माना जाता है कि मणिपुर के सेनापति जिले के मखेल गांव में कभी मैते, असम के अहोम और नागा समुदाय के लोग एक साथ रहते थे।'
उन्हीं शानदार पुरानी यादों या यूं कहे कि मिथकों को फिर से जीवंत करने के प्रयास में मणिपुर के रीयूनिटेड हेरिटेज पार्क का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, 'हमें अपनी भूमि, समृद्ध संस्कृति, परंपरा और विरासत के संरक्षण और रक्षा में हमारे पूर्वजों द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए। हमारे महान इतिहास को विकृत करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ हमें एक साथ खड़ा होना चाहिए।'
उन्होंने कहा, 'बीते हुए समय में हमारे पूर्वजों के बीच आपसी मतों में विभिन्नता होने की वजह से औपनिवेशक शासन या आक्रामक शक्तियों ने हमारी जन्मभूमि पर राज किया। उदाहरण के तौर पर ब्रिटिश शासन, सात सालों की तबाही वगैरह को लिया जा सकता है। हमें इतिहास के इन पन्नों से सीख लेनी चाहिए और हमेशा एकजुट रहना रहना क्योंकि ऐसा कहा जाता है कि एकता ताकत है, विभाजन कमजोरी है।'
इसी के साथ असम में मणिपुर भवन के निर्माण के बारे में श्री सिंह ने घोषणा की कि इसके लिए मणिपुर सरकार जमीन खरीदने के काम में लगी हुई और एक बार यह काम पूरा हो जाने पर बहुत जल्द कैबिनेट में फैसला लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने असम में मणिपुरियों से राज्य और देश के प्रति वफादार रहने की अपील की। उन्होंने कहा, “शैक्षिक, राजनीतिक, स्वास्थ्य या जनसांख्यिकी के बारे में अगर आपकी ऐसी कोई शिकायत है जिसके बारे में आप असम सरकार से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं, तो आप मेरे जरिए अपनी बात रख सकते हैं।...////...