भाजपा का उद्देश्य हर वर्ग का चहुंमुखी विकास: यादव
27-Aug-2023 08:20 PM 3299
भोपाल, 27 अगस्त (संवाददाता) केन्द्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने आज कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में अनेक दल और पार्टियां बनीं, जिनका उद्देश्य आपस में लड़ाकर वैमनस्यता फैलाना रहा, लेकिन भाजपा का उद्देश्य हर वर्ग का समुचित विकास करना रहा। श्री यादव ने यह बात यहां भाजपा के प्रदेश कार्यालय में अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने भी संबोधित किया। श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस के 70 सालों में देश पिछड़ने के साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग का बड़ा नुकसान हुआ, क्योंकि कांग्रेस ने सिर्फ वोटबैंक की राजनीति की है। इसी का परिणाम है कि कांग्रेस एक परिवार की पार्टी तक ही सिमटकर रह गई। परिवार से बाहर कांग्रेस की सोच नहीं निकल पायी। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि नौ वर्ष की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने देश के चहुंमुखी विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठनात्मक विकास में मोर्चों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। मोर्चा पार्टी का ही अग्रिम दस्ता है, जो वर्ग विशेष के विषय को लेकर जनता के बीच जाता है और काम करता है। भाजपा की राजनीति का उद्देश्य सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास है। कांग्रेस ने 70 सालों तक राज तो किया लेकिन गरीबी नहीं हटी। सामाजिक मान्यताओं के विषय जो पीछे छूटे हुए थे, उन्हें आगे बढ़ाने काम भाजपा सरकार कर रही है। प्रदेश चुनाव प्रभारी ने कहा कि बाबा साहब के पंचतीर्थ से लेकर संत रविदास मंदिर निर्माण की आधारशिला प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा रखी गई है। यहां तक कि विदेश दौरे में भी प्रधानमंत्री ने इसका उल्लेख कर संत रविदास जी का मान बढ़ाया है। ये हमारी पार्टी है, ये हमारा विचार है, जो संत जी के समरस समाज के संदेश को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विधानसभा के चुनाव हैं, ऐसे में बहुत सारे भ्रम फैलाए जाएंगे, इनका जवाब देने के लिए हमें काम करना होगा। समाज के अंदर द्वंद फैलाने वालों को जवाब देने के लिए हमें एकजुटता के साथ काम करना होगा। इस लड़ाई के लिए हमें नियमित बैठकें कर समाज को जागरूक करना होगा। साथ ही 150 सीटों के विजय संकल्प के अभियान को लेकर आगे बढ़ना होगा, तभी हम प्रधानमंत्री के सही अर्थो में आत्मनिर्भर भारत के लिए हम तैयार हो पाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सिर्फ भ्रष्टाचार को अंजाम दिया है। मिस्टर बंटाढार की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया। जबकि ‘करप्टनाथ’ की सवा साल की सरकार में वल्लभ भवन दलाली का अड्डा बन गया था। इन्होंने सिर्फ जनता से झूठे वादे किए। जबकि प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि भारत के इतिहास में भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जिसने चुनाव से 100 दिन पहले प्रत्याशी घोषित किए हैं। जबकि कांग्रेस पिछले 6 महीने से बोल रही थी कि हमारी सूची आने वाली है लेकिन वह सूची गुटबाजी में अटक गई। चुनाव में हमारी जमीनी स्तर पर तैयारी है और हम इसे लेकर आगे बढ़ रहे हैं। हमें बूथ स्तर पर मजबूती के साथ चुनाव की तैयारी करनी होगी। इसके लिए हमें करणीय कार्यों पर ध्यान देना होगा। चुनाव में अनुसूचित जाति मोर्चा की बड़ी जिम्मेदारी रहने वाली है। बैठक को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज जोशी एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश जाटव ने भी संबोधित किया।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^