23-Nov-2022 09:28 PM
8362
बुरहानपुर, 23 नवंबर (संवाददाता) वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भय और नफरत का माहौल फैलाने का आरोप लगाते हुए आज कहा कि उनके इसी भय और नफरत के माहाैल से लड़ने के लिए हमने यह भारत जोड़ो यात्रा निकाली है।
श्री गांधी ने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने देश में भय और नफरत का माहौल फैलाया है। उसी से लड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली है। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति के मन में डर होता है, वह हिंसा और नफरत का सहारा लेता है। भाजपा के मन में डर है और वह हिंसा फैलाती है।
श्री गांधी ने कहा कि इस समय देश में ना लोकसभा में कोई मुद्दा उठाया जा सकता है, ना मीडिया भाजपा के खिलाफ लिख सकती है, ना न्यायिक संस्थाओं में कुछ किया जा सकता है। इसलिए हमने तय किया कि सीधे जनता के बीच जाये और उससे ही इस अन्याय के बारे में संवाद करें।
जनसभा में श्री गांधी ने यात्रा के मध्यप्रदेश में हुए अभूतपूर्व स्वागत के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि जब यात्रा में वे केरल से गुजरे तो उन्हें लगा केरल में सबसे अधिक भीड़ है। लेकिन महाराष्ट्र ने केरल का रिकॉर्ड तोड़ दिया और आज पहले ही दिन जनसमर्थन के मामले में मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है। वे मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं नेताओं और जनता को जनसमर्थन के मामले में ए ग्रेड देना चाहते हैं।
श्री गांधी ने कहा कि ये यात्रा हमने कन्याकुमारी में शुरु की थी और जब हमने शुरु की, तो विपक्ष के लोगों ने कहा था कि हिंदुस्तान 3,300 किलोमीटर लंबा है और ये पैदल किया नहीं जा सकता और अब हम मध्यप्रदेश आए हैं, 370 किलोमीटर यहां चलेंगे और ये जो यात्रा, ये जो हमारा तिरंगा है, इसको श्रीनगर में लहराएंगे, इसको कोई नहीं रोक सकता।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वे दिन में 8 घंटे यात्रा करते हैं, लेकिन उन्हें थकान नहीं होती। वे सुबह 6 बजे जिस उत्साह से यात्रा शुरू करते हैं और रात के 8 बजे भी बिना थकान के वैसे ही यात्रा करते हैं। उन्हें थकान नहीं होती, इसकी वजह है देश की जनता का समर्थन और प्यार।...////...