25-Aug-2023 08:48 PM
7452
भोपाल, 25 अगस्त (संवाददाता) केन्द्रीय कृषि मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह तोमर ने आज कहा कि देश में कई राजनैतिक दल हैं, जो जातिवाद, भाषावाद, प्रांतवाद, पूंजीवाद, परिवारवाद के आधार पर काम करते हैं पर भारतीय जनता पार्टी एकमात्र दल है, जो सभी संकीर्णताओं से उपर उठकर सिर्फ राष्ट्रवाद के लिए काम करता है।
श्री तोमर ने यह बात यहां कुशाभाउ ठाकरे सभागार में आयोजित भाजपा के सदस्यता अभियान के अंतर्गत एमपी के मन में मोदी कार्यक्रम में नवमतदाताओं का स्वागत करते हुए कही। कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद और प्रदेश मंत्री एवं सदस्यता प्रभारी रजनीश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर 600 से अधिक नवमतदाताओं को पार्टी की सदस्यता दिलवायी गयी। कार्यक्रम का प्रदेश की 230 विधानसभाओं में लाइव प्रसारण किया गया। मंच का संचालन युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने किया।
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है कि दुनिया और देश में जब भी कोई बदलाव और क्रांति हुई तो उसका नेतृत्व देश के युवाओं ने ही किया है। सर्वप्रथम जगतगुरू शंकराचार्य जी ने युवावस्था में ही सारे देश का भ्रमण किया और आध्यामिक क्रांति लाकर हिन्दू धर्म की आचार संहिता को स्थापित किया। स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागों की धर्मसभा में हिन्दुस्तान, हिन्दु धर्म और उसकी व्यापकता को दुनिया के समक्ष रखकर सारी दुनिया को हतप्रभ करने का काम किया।
श्री तोमर ने कहा कि देश को आजाद कराने के लिए कई बलिदानी पूर्वज शहीद भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, राजगुरू, सुखदेव, पं. रामप्रसाद बिस्मिल ये सभी युवा रहते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर देश को जेल में बदल दिया था। जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में आपातकाल के खिलाफ जो आंदोलन हुआ उसमें युवाओं की ही भूमिका थी।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में हमारे लोकतंत्र ने नई करवट ली, देश नेतृत्व बदलना चाहता था, तब नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में भी देश के युवाओं की अहम भूमिका थी। उन्होंने कहा कि श्री मोदी का सशक्त नेतृत्व भारत की आंतरिक बुनियाद को मजबूत करने के साथ देश के युवाओं के सपने भी गढ़ रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप मात्र भाजपा के सदस्य नहीं बने हैं, आज आपने स्वयं को देश से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में कभी किसी को कल्पना नहीं थी कि हमारे वैज्ञानिक भी दुनिया में भारत का मान बढ़ा सकते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री श्री मोदी ने वैज्ञानिकों को संबल दिया तो उन्हीं वैज्ञानिकों ने कोरोना की वैक्सीन बनाकर भारत और दुनिया के करोड़ों लोगों की जान बचाई तो वहीं चन्द्रयान-3 को दक्षिणी ध्रुव पर उतारकर इतिहास बनाने का काम किया।
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को भाजपा के सदस्य बनने पर बधाई दी और कहा कि देश के अन्य राजनीतिक दल का अध्ययन किया जायेगा तो हम देखते है कि ये दल ‘परिवार की पार्टीयां’ हैं। लेकिन भाजपा एक परिवार हैं। हम वसुधैव कुटंबकम के भाव से काम करते हैं। यह हमारा सनातन भाव है।
सदस्यता प्रभारी श्री अग्रवाल ने कहा कि हम सभी का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के रूप में एक सशक्त नेतृत्व हमारे पास है। भाजपा ही वो दल है जहां एक सामान्य परिवार के व्यक्ति को देश और प्रदेश का नेतृत्व करने का अवसर प्राप्त होता है। कल आप में से ही कोई कार्यकर्ता इस मंच पर होगा, ये सिर्फ भाजपा में ही संभव है। मंच का संचालन करते हुए युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री पंवार ने कहा कि बड़ी संख्या में जो नवमतदाता युवा मोर्चा के संपर्क में हैं उन्हें भी पार्टी की सदस्यता के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए प्रदेश स्तर पर सदस्यता अभियान के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं।
उन्होंने कहा कि इसी तरह से जिला स्तर पर सदस्यता अभियान के लिए युवा मोर्चा के प्रभारी सहप्रभारी और टोलियां बनाई जाएंगी। श्री पंवार ने कहा कि युवा मोर्चा सबसे अधिक सदस्य बनाने का रिकार्ड बनायेगा।...////...