शिवराज मंत्रिमंडल का विस्तार शनिवार को
25-Aug-2023 11:14 PM 9011
भोपाल, 26 अगस्त (संवाददाता) मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार सुबह अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर लगभग तीन मंत्रियों को शामिल करेंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री चौहान ने शुक्रवार देर शाम राज्यपाल मंगुभाई पटेल से राजभवन में मुलाकात की और मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में उन्हें विधिवत सूचना दी। मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पिछले तीन चार दिनों से सुगबुगाहट थी। आज आधिकारिक तौर पर तय हो गया कि नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह राजभवन में शनिवार सुबह पौने नौ बजे होगा। माना जा रहा है विधानसभा चुनाव के पहले क्षेत्रीय और जातीय संतुलन के उद्देश्य से मंत्रिमंडल का विस्तार किया जा रहा है। दो सौ तीस सदस्यीय राज्य विधानसभा में तय मापदंड के अनुरूप मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 35 मंत्री हो सकते हैं। वर्तमान में मुख्यमंत्री समेत 31 मंत्री हैं। इनमें मुख्यमंत्री के अलावा 23 कैबिनेट और 07 राज्य मंत्री शामिल हैं। इस तरह मंत्रिमंडल में चार पद रिक्त हैं। श्री चौहान अधिकतम चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल में शामिल कर सकते हैं। मंत्री बनाए जाने के लिए जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें विंध्य अंचल से राजेंद्र शुक्ल, महाकौशल अंचल से गौरीशंकर बिसेन और बुंदेलखंड अंचल से राहुल लोधी शामिल हैं। कुछ और विधायकों के नाम भी चर्चाओं में हैं। राज्य में आगामी नवंबर दिसंबर माह में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। हालाकि अभी चुनाव कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^