भूमाफियाओं और अन्य अपराधियों की 'कमर तोड़ने' का कार्य जारी रहे - शिवराज
09-Apr-2022 04:52 PM 8552
भोपाल, 09 अप्रैल (AGENCY) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज फिर अधिकारियों से कहा कि भूमाफियाओं और अन्य अपराधियों का नेटवर्क और उनकी 'कमर तोड़ने' का कार्य जारी रखा जाए। हमारा लक्ष्य इस राज्य में अपराध समाप्त करना और आम नागरिकों के बीच बेहतर वातावरण बनाए रखना है। श्री चौहान ने यहां कलेक्टर कमिश्नर कांफ्रेंस के दौरान यह बात कही। इस कांफ्रेंस में सभी संभाग आयुक्त, कलेक्टर, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी भी जुड़े। श्री चौहान ने सरकार की प्राथमिकताएं एक बार फिर से बतायीं और पूर्व में इसी तरह की कांफ्रेंस के दौरान दिए गए निर्देशों के पालन के संबंध में जानकारी हासिल की। श्री चौहान ने कहा कि हाल ही में अपराधियों के खिलाफ बेहतर कार्रवाई हुयी है और इसे जारी रहना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि माफियाओं को पूरी तरह से तोड़ दें। उनका नेटवर्क समाप्त किया जाए। अपराधियों को अधिकतम सजा मिले, यह भी सुनिश्चित किया जाए। राज्य में अवैध रूप से बंग्लादेशियों के रहने संबंधी सूचनाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि इनकी तलाशी ली जाए और आवश्यक कदम उठाए जाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़े अपराधों के संबंध में अपराधियों में डर पैदा करना आवश्यक है। कठोर कार्रवाई करने पर कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर रह सकेगी। जनता को राहत देने के लिए यह कार्रवाई जारी रखी जाए। उन्होंने अवैध शराब, मिलावटखोरी और चिटफंड कंपनियों के फर्जीवाड़े के संबंध में कहा कि यह भी बड़ी समस्या है और ऐसे लोगों पर भी सख्ती से कार्रवाई की जाए। बैठक के दौरान जबलपुर में रइस अहमद, मंदसौर में अमजद लाला और रुस्तम, गुना में कश्मीरा जाट और देवास जिले में नब्बू खान के खिलाफ की गयी कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गयी। इसके अलावा बताया गया कि ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, अशोकनगर, धार, खंडवा, बुरहानपुर, अलीराजपुर, विदिशा, दमोह, छिंदवाड़ा और देवास आदि जिलों में दुष्कर्म और हत्या के आरोपियों की 15 अवैध संपतियां ध्वस्त करने की कार्रवाई की गयी। बैठक के दौरान यह बात भी उभरकर सामने आयी कि रतलाम, छतरपुर, दमोह, हरदा और उज्जैन जैसे जिलों में महिला अपराधों की स्थिति में सुधार की आवश्यकता है। भोपाल, खरगोन, खंडवा, इंदौर और जबलपुर जैसे जिलों में इस क्षेत्र में सुधार महससू किया गया। बैठक में खनन माफिया के खिलाफ पिछले तीन माहों के दौरान की गयी कार्रवाइयों का जिक्र करते हुए बताया गया कुल 3531 प्रकरण दर्ज हुए हैं। 857 आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी। 3490 वाहन जब्त किए गए और 28 वाहन राजसात हुए। श्री चौहान ने कहा कि सरकार का कार्य जनता को सुशासन मुहैया कराना है। उन्होंने माफियाओं के खिलाफ कार्य करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की। इस कांफ्रेंस के जरिए कार्यों का मूल्यांकन किया जाता है और यह हर माह आवश्यक है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^