बिहार के साथ सौतेला व्यवहार बंद करे केंद्र : जदयू
09-Oct-2022 07:47 PM 5356
पटना 09 अक्टूबर (संवाददाता) जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के इशारे पर बैंकों के बिहार के औद्योगिक विकास में अड़ंगा डालने का आरोप लगाते हुए आज कहा की केंद्र प्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार करना बंद करे। जदयू के राष्ट्रीय सचिव राजीव रंजन प्रसाद ने रविवार को यहां खाजपुरा में जदयू सदस्यता अभियान शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रशासनिक निर्णयों एवं निवेश के अनुकूल वातावरण बनाने की योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। राज्य में अपने उद्योग लगाने के लिए कई प्रतिष्ठित औद्योगिक घराने आगे आए हैं। इस दिशा में कई महत्वाकांक्षी प्रस्ताव भी राज्य सरकार को निरंतर मिल रहे हैं लेकिन बैंकों की उदासीनता समझ से परे है। श्री प्रसाद ने कहा कि राज्य की साख और जमा का अनुपात (सीडीआर) पिछले 17 वर्षों में बढ़कर लगभग दुगुना अर्थात 52.83 प्रतिशत तक पहुंचा है लेकिन अभी भी राष्ट्रीय औसत 75 प्रतिशत से बहुत पीछे है। वहीं, कई राज्यों में यह अनुपात 100 फ़ीसदी से भी ज़्यादा है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि राष्ट्रीयकृत बैंक बिहार के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं। जदयू के राष्ट्रीय सचिव ने कहा कि औद्योगिक विस्तार के लिए राज्य सरकार ने बैंकों के समक्ष 2022-2023 में निवेश के लिए 2.4 लाख करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा है। इसमें अभी उन्होंने लगभग 25 फ़ीसदी ही अर्थात 52548 करोड़ रुपये बतौर कर्ज बिहार में निवेश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार के इशारे पर बैंक बिहार के औद्योगिक विकास में अड़ंगे डाल रहे हैं।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^