08-Oct-2021 11:55 PM
4690
नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर ( वार्ता ) भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में घटित हिंसा के सन्दर्भ में कहा है कि लखीमपुर खीरी की घटना को हमें चुनाव की दृष्टि से न देखकर मानवता की दृष्टि से देखना चाहिये और कानून अपना काम कर रहा है , कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।
एक टी वी चैनल के कार्यक्रम में भाग लेते हुए अपने साक्षात्कार में श्री नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि लखीमपुर खीरी मामले में विशेष जांच दल ( एसआईटी ) घटित कर दी गयी है और दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि विरोध का एक नया तरीका विकसित हो रहा है और उसके बारे में भी सोचना चाहिए । राह चलते हमले हो रहे हैं।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के पुत्र आशीष मिश्रा पर कार्रवाई के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता है। भाजपा की तरफ से और सरकार की तरफ से हम कोई भी ऐसी गतिविधि नहीं करते हैं जो कानून व्यवस्था को हाथ में ले। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार कार्रवाई करेगी।
किसान आंदोलन के मुद्दे पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में श्री नड्डा ने कहा सर्वोच्च न्यायालय ने कहा कि कृषि कानूनों को निलंबित करो, हमने कर दिया। हम बात करने को तैयार हैं। हम घोड़े को पानी के पास तक ले जा सकते हैं लेकिन उसे पानी पीने के लिए मजबूर नहीं कर सकते। भाजपा इस तरीके से जमीन पर हिलाई नहीं जा सकती। जमीन पर भारत की जनता मुंह तोड़ जवाब देती है। हम आज भी बातचीत के लिए तैयार हैं। "
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंद सिंह से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा " कैप्टन सिंह अभी कांग्रेस में है। वह आहत हैं। ऐसा सुनने में आया है कि उनकी इज्जत नहीं रखी गई। उनके साथ जैसा व्यवहार होना चाहिए था, वह नहीं हुआ। वह कांग्रेस में हैं। उनको अपना रास्ता चुनना है।...////...