30-Oct-2022 06:45 PM
5659
सोल 30 अक्टूबर (संवाददाता) दक्षिण कोरिया की राजधानी सियोल के इटावन जिले में हैलोवीन समारोह के दौरान मची भगदड़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर 153 हो गयी।
हंक्योरेह अखबार ने रविवार को अपनी रिपोर्ट में बताया कि जिले में हैलोवीन समारोह में हजारों लोगों के इकट्ठा होने के बाद हैमिल्टन होटल के पास एक संकरी ढलान वाली गली में भगदड़ मच गयी। घटना में 100 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं।
सोल स्थित रूसी दूतावास के मुताबिक मृतकों में चार रूसी नागरिकों सहित 20 विदेशी शामिल हैँ।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति यूं सुक-येओल ने आज सुबह दुर्घटनास्थल का दौरा किया।
श्री येओल ने आज यहां राष्ट्रीय टेलीविजन पर अपने सम्बोधन में दुर्घटना पर राष्ट्रीय शोक की घोषणा करते हुए कहा, “यह दुर्घटना वास्तव में दुखद है।” उन्होंने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
उल्लेखनीय है कि हर वर्ष 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले इस त्योहार के लिए पहले से ही लोग में तैयारियों में जुट जाते हैं। अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, मेक्सिको समेत कई देशों में लोग कई तरह के मेकअप करते और परिधान पहनकर ‘भूत’ बनते हैं। दरअसल हैलोवीन की शुरुआत बहुत पहले ही हुई थी। फसल के मौसम में किसानों की मान्यता थी कि बुरी आत्माएं धरती पर आकर उनकी फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इसलिए उन्हें डराकर भगाने के लिए वे खुद डरावना रूप अख्तियार कर लेते थे। वहीं आधुनिक युग में यह एक मौज-मस्ती और छुट्टी मनाने का अच्छा तरीका बन गया है तथा धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता भी काफी बढ़ती जा रही है।...////...