दिल्ली में महिला की हत्या के मामले में दो सुपारी किलर गिरफ्तार
27-Mar-2022 10:42 PM 5469
नयी दिल्ली 27 मार्च (AGENCY) दिल्ली पुलिस ने एक महिला की कथित रूप से हत्या करने के मामले में दो भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार किया है। शाहदरा दिल्ली के पुलिस उपायुक्त आर सथियासुंदरम ने बताया कि 14 मार्च को दिल्ली के ओल्ड सीलमपुर में दो लोगों ने फातिमा उर्फ सुनीता की गोली मारकर हत्या कर दी थी और मौके से भाग निकले थे। पूर्वी दिल्ली के गांधी नगर पुलिस स्टेशन में धारा 302 आईपीसी और 25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अपराधियों को पकड़ने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया था। सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों को स्कैन किया गया, जिसके बाद यह पता चला कि मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आए और अपराध किया। श्री सथियासुंदरम ने बताया कि 26 मार्च को मिली गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी जीशान की पहचान कर आनंद विहार इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया। लगातार पूछताछ में जीशान ने दूसरे आरोपी शौकिन खान के बारे में जानकारी दी। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने आज सुबह मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिससे वह घायल हो गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और कानून की अन्य उपयुक्त धाराओं के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^