हर वर्ग के लोगों का विकास उनकी सरकार का मुख्य ध्येय-भूपेश
24-Jun-2023 10:13 PM 6817
बेमेतरा 24 जून(संवाददाता)छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सशक्त और मजबूत राज्य बनाने के दिशा में उनकी सरकार ने काम किया है और हर वर्ग के लोगों का विकास ही हमारा मुख्य ध्येय है। श्री बघेल ने आज जिले के कन्हेरा में चंद्रनाहूं कुर्मी क्षत्रिय समाज के एक दिवसीय 52वें केंद्रीय महाअधिवेशन को सम्बोधित करते हुए कहा कि कुर्मी समाज प्रारंभ से ही खेती किसानी से जुड़ा हुआ है। प्रदेश के अधिकांश लोग कृषि कार्य पर निर्भर है। इसे ध्यान में रखते हुए सरकार द्वारा कृषकों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वज डॉ. खूबचंद बघेल, श्री चंदूलाल चंद्राकर और अन्य पूर्वजों के सपनों को साकार बनाते हुए आगे बढ़ रही है। उन्होने कहा कि सत्ता में आने के बाद उनकी सरकार ने सबसे पहले किसानों का कर्जा माफ किया। साथ ही धान के साथ ही मक्का, गन्ना का समर्थन मूल्य में खरीदी के साथ-साथ पहली बार लघुधान्य कोदो, कुटकी, रागी की समर्थन मूल्य में खरीदी हुई। बीते चार सालों में छत्तीसगढ़ में किसानों की संख्या, धान का उत्पादन और फसलों का रकबा भी बढ़ा है। किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है।न्याय योजनाओं तथा किसानों, महिलाओं, वनवासियों, युवाओं के हित में लिए गए फैसलों से लोगों के जीवन में बड़ा परिवर्तन दिख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले धान खरीदी सीजन में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी का निर्णय लिया है। इससे छत्तीसगढ़ के किसानों की स्थिति में और सकारात्मक सुधार देखने को मिलेगा।श्री बघेल ने कन्हेरा में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय खोलने की घोषणा के साथ किसानों के वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करते हुए जिला केन्द्रीय सहकारी बैंक की नवीन शाखा, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्वीकृति भी दी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^