हरियाणा:आठ पूर्व विधायक, मंत्री समेत अनेक नेता कांग्रेस में शामिल
23-May-2022 09:40 PM 8728
चंडीगढ़, 23 मई (AGENCY) हरियाणा में आठ पूर्व विधायकों, मंत्रियों और अन्य दलों के नेताओं ने सोमवार को कांग्रेस का दामन थाम लिया। पार्टी विधायक दल के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश अध्यक्ष उदयभान के नेतृत्व में शारदा राठौर, रामनिवास घोड़ेला, नरेश सेलवाल, परमिंदर सिंह ढुल, जिले राम शर्मा, राकेश कम्बोज, राजकुमार वाल्मीकि और सुभाष चौधरी ने कांग्रेस का दामन थामा। इनके अलावा लोकसंत्र सुरक्षा पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के किशनलाल पांचाल ने भी पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इस मौके पर श्री हुड्डा और उदयभान ने सभी नेताओं और उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं का कांग्रेस में स्वागत किया। साथ ही, उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिलाने का भरोसा दिलाया। श्री हुड्डा ने दावा किया कि एक साथ इतनी बड़ी तादाद में दिग्गज नेताओं का पार्टी में शामिल होना जनता की भावनाओं को प्रतिबिम्बित कर रहा है। आने वाला समय कांग्रेस का है। श्री उदयभान ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने वाले सभी नेता अलग-अलग वर्गों और जातियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनमें दो कम्बोज, एक ब्राह्मण, एक जाट, दो अनुसूचित जाति वर्ग, एक राजपूत, एक पांचाल और एक प्रजापति समाज से सम्बंध रखता है। इनके आने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। सब मिलकर संगठन को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत करेंगे। इस मौके पर राज्य सभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, कई विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व मंत्री समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^