23-May-2022 09:46 PM
7273
पटना 23 मई (AGENCY) बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज कहा कि वह प्रचार-प्रसार में नहीं बल्कि सीधे काम करने में विश्वास करते हैं।
श्री कुमार ने सोमवार को यहां एक, अणे मार्ग स्थित संकल्प में भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार नीति बनाती है और उसे क्रियान्वित करने में आईएएस अधिकारियों की भूमिका काफी महत्वपूर्ण है। उनके माध्यम से नीतियों को क्रियान्वित किया जाता है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 से जब बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में काम करने का मौका मिला, तब से लोगों के विकास के लिये लगातार काम कर रहे हैं। एक सर्वे से पता चला था कि यहां के लोगों की जो आमदनी होती है उसमें सबसे ज्यादा खर्च इलाज पर होता है। उनकी सरकार ने लोगों के स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए कई कार्य किए। बच्चों को स्कूल भेजने के लिए, कानून-व्यवस्था को नियंत्रित करने के लिए लगातार काम किया गया। किसी क्षेत्र में दंगा न हो, उसके लिए पुलिस बल मुस्तैदी से काम करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब-गुरबा के उत्थान के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। पंचायत चुनाव एवं नगर निकाय चुनाव में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। ऐसा करने वाला बिहार देश में पहला राज्य बना। अति पिछड़ों को 20 प्रतिशत, अनुसूचित जाति को 16 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति को भी एक प्रतिशत का आरक्षण दिया गया है। महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलने से बड़ी संख्या में महिलाएं समाज में प्रतिनिधित्व करने आगे आ रही हैं। 10 लाख से ज्यादा जीविका समूह का गठन किया गया। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही हैं। उनकी सरकार द्वारा शुरू किए गए जीविका समूह को देखकर एवं समझकर उस समय की केंद्र सरकार भी इसे पूरे देश में आजीविका नाम से शुरू किया। मुस्लिम महिलाओं के लिए हुनर कार्यक्रम शुरू किया गया। लड़कियों के लिए साइकिल योजना एवं पोशाक योजना शुरू की गई। इससे बड़ी संख्या में लड़कियां स्कूल पहुंचने लगीं।
श्री कुमार ने कहा कि सात निश्चय योजना के अंतर्गत कई कार्य शुरू किए गए। अब सात निश्चय-2 के तहत कई कार्य शुरू किए गए हैं। वर्ष 2019 में सभी दलों के विधायकों एवं विधान पार्षदों के साथ आठ घंटे तक पर्यावरण संरक्षण को लेकर चर्चा हुई और निर्णय कर जल-जीवन-हरियाली अभियान की शुरुआत की गई। जल-जीवन-हरियाली का मतलब है, जल संरक्षित रहेगा, हरियाली रहेगी तभी जीवन सुरक्षित रहेगा चाहे वह जीवन मनुष्य, पशु-पक्षी या किसी अन्य जीव-जंतु का हो।...////...