हसीना ने किया रोकेया पदक का वितरण
09-Dec-2021 03:04 PM 2266
ढाका, 09 दिसंबर (AGENCY) बंगलादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने गुरुवार को महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच प्रतिष्ठित महिलाओं को बेगम रोकेया पदक-2021 वितरित किया। ढाका के उस्मानी मेमोरियल ऑडिटोरियम में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रधानमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। वह अपने आधिकारिक निवास गणभवन से वर्चुअल तरीके से कार्यक्रम संग जुड़ीं और पुरस्कारों का वितरण किया। समारोह में प्रधानमंत्री की ओर से बंगलादेश अवामी लीग की नेता और महिलाओं एवं बच्चों के मामलों के राज्य मंत्री फजीलतुन नेस्सा इंदिरा ने पदक का वितरण किया। महिला एवं बाल मामलों के मंत्रालय ने ‘बेगम रोकैया दिवस’ के अवसर पर समारोह का आयोजन किया था। पुरस्कार पाने वालों में महिला शिक्षा के लिए काम करने वालीं प्रोफेसर हसीना जकारिया (बेला), महिला अधिकारों की दिशा में काम करने के लिए अर्चना विश्वास, महिलाओं के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए शमसुन्नहर रहमान परन (मरणोपरांत), महिला शिक्षा साहित्य और संस्कृति के माध्यम से महिलाओं के लिए क्रांति लाने वालीं प्रोफेसर डॉ जीनत हुडा और ग्रामीण विकास के लिए डॉ सरिया सुल्ताना शामिल हैं। बंगलादेश में बेगम रोकेया दिवस महिलाओं के अधिकारों की अग्रणी बेगम रोकेया सखावत हुसैन की जयंती और पुण्यतिथि के रूप में मनाया जाता है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^