10-Mar-2022 08:07 PM
4910
शिमला, 10 मार्च (AGENCY) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चार राज्यों के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की भारी जीत पर केंद्रीय नेतृत्व विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को बधाई दी है।
श्री ठाकुर ने कहा कि पांच में से चार राज्यों में यह विशाल जीत केंद्र एवं भाजपा शासित राज्य सरकारों की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रति जनमत को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर की जनता ने इन राज्यों की सरकारों और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति पूर्ण आस्था जताई है। उन्होंने कहा कि इससे विभाजनकारी तत्वों को एक बार पुनः यह संदेश गया है कि देश की जनता एक मजबूत और सक्षम नेतृत्व चाहती है और श्री मोदी के नेतृत्व में स्वयं को सुरक्षित महसूस करती है।
उन्होंने कहा कि इन राज्यों के चुनावों परिणामों से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा हिमाचल में भी मिशन रिपीट करेगी क्योंकि देश के साथ प्रदेश की जनता भी कांग्रेस पार्टी से निराश हो चुकी है और पांच राज्यों के आम चुनावों में लोगों ने कांग्रेस को पूर्ण रूप से नकार दिया है।
मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल सहयोगियों, पार्टी प्रदेशाध्यक्ष और विधायकों के साथ यहां चक्कर स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय दीपकमल में खुशियां मनाईं।...////...