पंजाब में आप जीत का इतिहास रचने की ओर, अनेक दिग्गज धराशाई
10-Mar-2022 06:55 PM 3890
चंडीगढ़,10 मार्च (AGENCY) पंजाब 117 सदस्यीय विधानसभा चुनावों की आज हो रही मतगणना के अब तक के प्राप्त परिणामों में आम आदमी पार्टी (आप) 89 सीटों पर जीत दर्ज कर दो-तिहाई बहुमत के आंकड़े काफी आगे निकल चुकी है और वह अभी भी तीन सीटों पर आगे है। चुनाव में इस तरह पार्टी को 92 सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही हैं और अंतिम चुनाव परिणाम इसी तर्ज पर रहते हैं तो राज्य की राजनीति में इतना बड़ा जनादेश का इतिहास रचते हुये वह पहली बार सरकार बनाएगी। जीत का यह आंकड़ा दो- तिहाई बहुमत के लिये जरूरी 78 सीटों से 14 सीटें अधिक होगा। यह पहला मौका होगा जब आप की पंजाब में सरकार बनेगी। इस समय पार्टी की दिल्ली में अपनी सरकार है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में पार्टी 20 सीटें लेकर दूसरे नम्बर पर रही थी। पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा भगवंत मान धूरी विधानसभा क्षेत्र से लगभग 45 हजार मतों के अंतर से चुनाव जीत चुके हैं। वहीं अमन अरोड़ा भी सुनाम से लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। पार्टी के कई युवाओं और राजनीति में अनजाने चेहरों ने राज्य के राजनीतिक दिग्गजों को चुनावी मुकाबले में पटखनी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राज्य का मुख्यमंत्री बनने जा रहे श्री मान को बधाई दी है और कहा कि उनके नेतृत्व में सरकार जनता की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं पर पूरा उतरेगी। श्री मान ने कहा कि यह आप की नहीं बल्कि जनता की सरकार होगी। सरकार जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिये उसके द्वार तक जाएगी। मान ने कहा कि वह शहीद ए आज़म भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।उन्हाेंने यह भी कहा कि किसी भी सरकारी कार्यालय में मुख्यमंत्री के रूप में उनकी तस्वीर नहीं लगेगी। राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस अब तक 17 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और एक अन्य सीट पर आगे चल रही है। उसके खाते में 18 सीटें आने की सम्भावना है। पार्टी को वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में कैप्टन अमरिंदर के नेतृत्व में 77 मिली थीं। कैप्टन अमरिंदर को उनकी सरकार का कार्यकाल पूरा होने के लगभग तीन महीनेे पहले मुख्यमंत्री पद से हटा कर चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। चन्नी ने दो जगहों चमकौर साहिब और भदौर से चुनाव लड़ा लेकिन उन्हें दोनों जगह शिकस्त मिली है। वहीं कैप्टन ने पंजाब लोक कांग्रेस(पीएलसी) नाम से पार्टी बना कर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) से गठबंधन कर लिया लेकिन कैप्टन स्वयं पटियाला-शहरी से चुनाव हार गये हैं। चन्नी मंत्रिमंडल के उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा-डेरा बाबा नानक, तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा-फतेहगढ़ चूड़ियां, राणा गुरजीत सिंह-कपूरथला, राजा अमरिंदर सिंह बडिंग, अरूणा चौधरी और परगट सिंह चुनाव जीतने में सफल रहे हैं जबकि उप मुख्यमंत्री ओ.पी. सोनी, भरत भूषण आशु, ब्रहम मोहिंद्रा, मनप्रीत सिंह बादल, रजिया सुल्ताना, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, विजय इंदर सिंगला और रणदीप नाभा को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह भी आनंदपुर से चुनाव हार गये हैं। शिरोमणि अकाली दल(शिअद) को तीन और उसकी गठबंधन सहयोगी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक सीट पर जीत मिली है। इस तरह गठबंधन के खाते में चार सीटें आई हैं। शिअद को गत विधानसभा चुनावों में 15 और उसकी तत्कालीन गठबंधन सहयोगी भाजपा को तीन सीटें मिली थीं। शिअद के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल-लम्बी, सुखबीर सिंह बादल-जलालाबाद, बिक्रम सिंह मजीठिया-अमृतसर पूर्वी और पार्टी प्रवक्ता दलजीत सिंह चीमा-रूपनगर से चुनाव हार गये हैं। वहीं मजीठिया की पत्नी गनीव कौर मजीठिया चुनाव जीत गई हैं। भाजपा इस बार मात्र दो सीटों तक सिमट गई है। आप की जीत की सुनामी में उसके प्रदेशाध्यक्ष अश्वनी शर्मा पठानकोट से कांग्रेस के निवर्तमान विधायक अमित विज से चुनाव जीतने सफल रहे। शर्मा को 42787 तो विज को 35159 मत मिले। आप के विभूति शर्मा 311149 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा ने इस बार पीएलसी और सुखदेव सिंह ढींडसा शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) से गठबंधन किया था लेकिन आपेक्षित सफलता नहीं मिली। ढींडसा के पुत्र परमिंदर सिंह ढींडसा लहरा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गये। आप के राष्ट्रीय संयाेजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनादेश के लिये राज्य की जनता का आभार और धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी कड़ी मेहनत के लिये बधाई भी दी है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे निभाएंगे। मिलजुल कर पंजाब के लिये काम करेंगे और राज्य को आगे लेकर जाएंगे। पार्टी के पंजाब मामलों के सह प्रभारी राघव चढडा ने कहा कि पंजाब की जनता ने साबित कर दिया है कि उसे केजरीवाल -भगवंत मान की जोड़ी पसंद है। इस जीत की श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं और राज्य की जनता को जाता है जिसने अन्य सभी दलों को नकारते हुये एक ईमानदार पार्टी को चुना है और ‘केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस एंड डेवलपमेंट‘ को जनादेश दिया है। यह जनादेश विशुद्ध रूप से कांग्रेस और शिअद के कथित भ्रष्ट शासन के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि गत कुछ महीनों में अन्य दलों ने आप और इसके नेताओं पर अनर्गल आरोप लगा कर बहुत कीचड़ उछाला लेकिन जनता ने इन्हें करारा जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि आप राष्ट्रीय स्तर पर एक राजनीतिक ताकत बन कर उभर रही है और कांग्रेस का विकल्प बनेगी। आप की पंजाब में जीत से यह राज्य अब उड़ता पंजाब नहीं बल्कि खुशहाल पंजाब बनेगा। उन्होंने कहा कि आप की सरकार बिना किसी राजनीतिक भेदभाव के सबके लिये काम करेगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^