09-Feb-2022 10:15 PM
6535
श्रीनगर, 08 फरवरी (AGENCY) कश्मीर घाटी और गुलमर्ग में बुधवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है।
मौसम अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। मौसम विभाग के अधिकारियों ने जम्मू-कश्मीर में मौसम शुष्क रहने और केन्द्र शासित प्रदेश में अगले 24 घंटे में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की भविष्यवाणी की है।
यातायात नियंत्रण कक्ष के एक अधिकारी ने बताया कि इस दौरान उत्तर कश्मीर के जिला कुपवाड़ा-माछिल और कुपवाड़ा-केरन मार्गों को वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। उन्होंने बताया कि उत्तरी कश्मीर में बांदीपोरा-गुरेज, कुपवाड़ा-तंगधार, कुपवाड़ा-साधना टॉप, फुरकियां टॉप और जेड-गली मार्ग बर्फबारी के कारण आज लगातार तीसरे दिन भी बंद रहे।
उन्होंने कहा कि हिमस्खलन चेतावनी के कारण बर्फीले मार्गों से बर्फ नहीं हटाई गई। उत्तर कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 10 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि मंगलवार को शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। यहां बुधवार को 4.8 मिमी बारिश और 4.0सेमी बर्फबारी हुई।
श्रीनगर में बुधवार को तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा जबकि मंगलवार को शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पर्यटन स्थल पहलगाम में तापमान में सुधार देखा गया और बुधवार को तापमान शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा जबकि मंगलवार को शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। यहां बुधवार को सुबह आठ बजे तक 4.9सेमी बर्फबारी और 2.5 मिमी बारिश हुई।
श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। वहीं कोकरनाग में शून्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे और कुपवाड़ा में शून्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।...////...