जी-20 घोषणापत्र से उभरा है वसुधैव कुटुम्बकम, विश्व के साझा भविष्य का भाव:चंद्रशेखरन
09-Sep-2023 11:10 PM 6849
नयी दिल्ली, 09 सितंबर (संवाददाता) टाटा संस्स के कार्यकारी अध्यक्ष एवं जी20 की चर्चाओं में व्यवसाय जगत को जोड़ने के मंच बी20 के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन ने यहां जी-20 शिखर सम्मेलन की घोषणा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की अध्यक्षता के अंतर्गत एक अत्यतं महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है और कहा है कि इसमें वसुधैव कुटुंबकम तथा एक धरा एक भविष्य की भावना भरी है। उन्होंने एक बयान में कहा, “हम इन ऐतिहासिक परिणामों पर भारत को बधाई देते हैं। जी-20 का नयी दिल्ली घोषणा पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जी20 की हमारी अध्यक्षता का एक बहुत ही महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। जी-20 घोषणापत्र एक परिवार, एक पृथ्वी, एक भविष्य के दृष्टिकोण का प्रतीक है।” जी-20 नेताओं ने नयी दिल्ली घोषणापत्र को यहां सम्मेलन के पहले दिन सर्वसम्मति से स्वीकार किया। श्री चंद्रशेखरन ने कहा , ‘‘ बी 20 अफ्रीकी संघ को जी20 समूह में शामिल करने का हार्दिक स्वागत करता है। इस वैश्विक आर्थिक मंच में उसके आने से इसमें अफ्रीकी महाद्वीप की आवाज जुड़ने के साथ, इस महाद्वीप के साथ साझेदारी को गति मिलेगी।” उन्होंने कहा कि जी20 के नयी दिल्ली घोषणापत्र में अफ्रीकी देशों में मानव पूंजी विकास, कृषि और औद्योगिक परिवर्तन तथा अफ्रीका को एक साझा बाजार बनाने के लिए व्यापार की सुविधा बढ़ाने की घोषणाएं इसके समावेशी पहलू में आती हैं। इसमें डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और बहुपक्षीय विकास वित्त संस्थानों के लिए अतिरिक्त पूंजी जुटाने की गुंजाइश घोषणाएं महत्वपूर्ण पहल हैं। उन्होंने कहा है कि जलवायु परिवर्तन पर ध्यान केंद्रित करना और जीवाश्म ईंधन बिजली उत्पादन को चरणबद्ध तरीके से कम करने के लिए प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की प्रतिबद्धता धरती को बचाने की सही दिशा में एक बड़ा कदम है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^