कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहीः जयराम ठाकुर
04-May-2022 07:44 PM 3320
शिमला, 04 मई (AGENCY) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में हुए अभूतपूर्व विकास के बावजूद कांग्रेस के नेता प्रदेश के विकास को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश ने कांग्रेस पार्टी को सिरे से नकार दिया है तथा आज कांग्रेस अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है। मुख्यमंत्री ने आज सोलन जिले के कसौली विधानसभा क्षेत्र के परवाणू में लगभग 218 करोड़ रुपये लागत की 20 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। धर्मपुर में जल शक्ति मंडल और गड़खल में 20 बिस्तरों की क्षमता वाले उपमंडल आयुर्वेदिक अस्पताल खोलने की घोषणा की। परवाणू में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह से पराजय का सामना करना पड़ा तथा उत्तर प्रदेश में पार्टी केवल दो सीटों पर ही सिमट कर रह गई। पंजाब में भी कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब इस वर्ष नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी। आप पार्टी के नेता भी प्रदेश की जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन जनता उनके झूठे वादों के बहकावे में नहीं आएगी। प्रदेश के अन्य भागों के साथ-साथ परवाणू क्षेत्र का भी समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है। राज्य सरकार ने समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। अपनी उपलब्धियों को बखान करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थकेयर योजना (हिमकेयर) के तहत पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा किया जाता है। यह योजना प्रदेश के लोगों विशेषकर गरीबों और पिछड़े वर्ग के लोगों के लिए वरदान साबित हुई है। शगुन योजना के अन्तर्गत बीपीएल परिवारों की बेटियों को शादी के समय 31,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना के अन्तर्गत राज्य के युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए एक करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पात्र वर्गों को इस राशि पर 35 प्रतिशत तक उपदान भी प्रदान किया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार सरकार द्वारा यह निर्णय लिया गया है कि प्रति माह 125 यूनिट तक की बिजली खपत पर बिजली उपभोक्ताओं से जीरो बिल वसूला जाएगा। प्रदेश सरकार ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में महिला यात्रियों को किराए में 50 प्रतिशत छूट देने का भी निर्णय लिया है।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^