कांग्रेस ने गरीब और आदिवासियों का किया शोषण: शिवराज
19-Oct-2023 08:45 PM 5302
मंडला, 19 अक्टूबर (संवाददाता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब और आदिवासियों का शोषण और अन्याय किया है। श्री चौहान ने जिले के महाराजपुर, घुघरी और मानिकसरा में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वे सरकार नहीं परिवार चलाते हैं, ये मेरा बहुत बड़ा परिवार है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा से ही गरीब और आदिवासियों के साथ अन्याय और शोषण किया है। अगर आदिवासियों के साथ किसी ने अन्याय किया और सबसे बड़ा दुश्मन कोई है तो वह कांग्रेस है। कभी सम्मान नहीं किया, समस्या का समाधान नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने संबल योजना बंद कर दी। वे बेटियों की शादी करवा रहे थे वो भी बंद कर दी, तीर्थ दर्शन योजना भी बंद कर दी, मेधावी छात्र-छात्राओं के लैपटॉप बंद कर दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी कह रही थी कि ‘शिवराज मामा’ आदिवासियों के पैरों में चप्पल-जूते पहनाता है, हां पहनाऊंगा क्योंकि गरीब के पैर में कांटा चुभता है तो उनके सीने में चुभता है, इसलिए वे चप्पल-जूते पहनाते हैं। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी पेसा कानून लागू नहीं किया। पेसा भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लागू किया। उन्होंने श्मशान में तंत्र क्रिया मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि हम जनता को अपने काम बता रहे हैं और कुछ लोग श्मशान घाट पर तांत्रिक क्रियाएं करा रहे हैं। लोकतंत्र में साधना और उपासना अगर किसी की होती है तो जनता की होती है। लोकतंत्र जनता के विश्वास को जीतने का माध्यम है। जनता की सेवा करो, प्रदेश का विकास करो, लोगों का कल्याण करो। हमने विकास और कल्याण किया है। इसलिए जनता से वोट मांगने जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि वे आज पूछना चाहते हैं कि कांग्रेस ने अपने सवा साल के कार्यकाल के दौरान गरीबों को पीएम आवास योजना के मकान क्यों नहीं दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए उन्होंने संबल योजना क्यों बंद कर दी थी। मेरी बैगा, भारिया, सहरिया बहनों के एक हजार रुपए देना क्यों बंद किए। कांग्रेस ने जनता को बचाने के लिए कोविड की तैयारी क्यों नहीं की। उन्होंने कहा की क्या ये पैसा आईफा में लगा रहे थे। मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद करने वाले अब श्मशान घाटों में जाकर बैठ रहे हैं। कांग्रेस को इन सवालाें का जवाब देना होगा। श्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में बीमारू कहे जाने वाला मध्यप्रदेश, भाजपा सरकार में विकसित होकर स्वर्णिम प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। पिछले 20 सालों में भाजपा शासनकाल के दौरान मध्यप्रदेश सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी बना है। पिछले 20 वर्षों में जनता ने भाजपा पर भरोसा दिखाया है, जिसके परिणाम स्वरूप आज मध्यप्रदेश देश की टॉप 10 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है। आज मध्यप्रदेश गरीब कल्याण, महिला उत्थान एवं सम्पूर्ण विकास का मॉडल बन गया है। मुख्यमंत्री ने घुघरी विधानसभा के ग्राम बिछिया में महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना के बाद बहनों की जिंदगी बदल गई है। वे काम करते हैं तो कांग्रेस को तकलीफ होती है। कहते हैं दुबला-पतला मामा कहां से आ गया, बहनों का लाड़ला कैसे बन गया। कांग्रेस ने मेरा ‘श्राद्ध’ तक करवा दिया, लेकिन बहनों का प्यार मुझे राख के ढेर से भी जिंदा कर देगा। कांग्रेस ने कभी भी बहनों के साथ न्याय नहीं किया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाकर 3000 रूपए की जाएगी।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^