29-Mar-2024 08:21 PM
1211
देहरादून, 29 मार्च (संवाददाता) उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने टिहरी संसदीय क्षेत्र की भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी माला राजलक्ष्मी पर झूठा शपथ पत्र देने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को उनके नामांकन को निरस्त करने की मांग की है।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त को लिखे शिकायती पत्र में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन एवं प्रशासन) मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि राज्य की 1-टिहरी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी माला राजलक्ष्मी द्वारा अपने नामांकन में जो शपथ पत्र दिया गया है, वह प्रथम दृष्टया असत्य प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी द्वारा अपने नामांकन पत्र के साथ दिये गये शपथ पत्र में 1700 ग्राम सोने एवं 140.336 किलो चांदी की मात्रा का, जो मूल्य वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में दिये गये शपथ पत्र में दर्शाया गया था, उसी मात्रा के सोने का मूल्य वर्ष 2024 में भी वही दर्शाया गया है। वहीं 2019 एवं 2024 के मध्य सोने के आभूषणों के दाम कई गुना बढ़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार भाजपा प्रत्याशी द्वारा निर्वाचन आयोग को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।...////...