कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह भोपाल पहुंची
16-Dec-2021 06:08 PM 4647
भोपाल, 16 दिसंबर (AGENCY) तमिलनाडु में हेलीकॉप्टर हादसे के कारण शहीद हुए वायुसेना के जांबाज अधिकारी ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की पार्थिव देह आज दोपहर गृहनगर भोपाल लायी गयी। वायुसेना के विशेष विमान से उनकी पार्थिव देह राजा भोज हवाईअड्डे पर पहुंची, जहां पर सेना, पुलिस के अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधि मौजूद थे। उनका पार्थिव शरीर हवाईअड्डे से उनके यहां स्थित इनर कोर्ट कॉलोनी स्थित निवास पर ले जाया जाएगा। आज दिन में कॉलोनी निवासी और अन्य नागरिक ग्रुप कैप्टन के अंतिम दर्शन कर सकेंगे। शौर्य चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की अंत्येष्टि शुक्रवार को यहां पूर्ण सैनिक सम्मान के साथ बैरागढ़ विश्रामघाट में सुबह 11 बजे की जाएगी। सेना के सूत्रों के अनुसार अंत्येष्टि के पहले उन्हें सैन्य अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में अंतिम विदायी दी जाएगी। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह भोपाल निवासी कर्नल के पी सिंह (सेवानिवृत) के पुत्र हैं। कर्नल के पी सिंह के एक अन्य पुत्र तनुज सिंह भारतीय नौसेना में लेफ्टिनेंट कमांडर हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह आठ दिसंबर को तमिलनाडु में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए बंगलुरु के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उनका निधन हो गया। इस खबर के बाद कल से ही यहां ग्रुप कैप्टन के निवास पर उनके परिचित और रिश्तेदार पहुंचना प्रारंभ हो गए थे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^