केंद्र सरकार ने हिमाचल की जनता के हक के 50 हजार करोड़ नहीं दिए: मुकेश
09-May-2024 09:19 PM 5817
मंडी, 09 मई (संवाददाता) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को आरोप लगाया कि 15 महीनों में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के 50 हजार करोड़ रुपए नहीं दिए, जो कि हिमाचल की जनता का हक बनता था। श्री अग्निहोत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय नेता अब प्रदेश में वोट मांगने आ रहे हैं, लेकिन वोट मांगने से पहले केंद्र सरकार हिमाचल के साथ किए गए सलूक का जबाब दें। मंडी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए श्री अग्रिहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूं तो हिमाचल और मंडी से अपना रिश्ता जोड़ते हैं, मगर हिमाचल में आई प्राकृतिक आपदा के समय न तो मोदी आए और न ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। यहीं नहीं हिमाचल सरकार की ओर से आपदा के बाद आंकलन की जरूरत के रूप में हिमाचल को 9000 करोड़ रुपए मिलने थे, लेकिन यह राशि केंद्र सरकार ने आज तक नहीं दी। इसके बाद आपदा सरकार ने 10 हजार करोड़ रुपये के नुकसान का मुआवजा केंद्र से मांगा, लेकिन यह राशि भी हमें नहीं दी। कांग्रेस ने जब नेता प्रतिपक्ष और भाजपा के तीनों सांसदों से सरकार के साथ चल कर प्रधानमंत्री से इस पैसे की मांग करने का आग्रह किया तो भी भाजपा के नेता साथ नहीं चले। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश सह प्रभारी संजय दत्त, कौल सिंह ठाकुर, सोहन लाल ठाकुर, महेश्वर चौहान, चेतराम ठाकुर और चंपा ठाकुर मौजूद रहे। श्री अग्रिहोत्री ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी कंगना ‘अन गाइडेड मिसाइल’ है। वह कहीं भी चल सकती हैं। उन्हें यहां के मुद्दों और इतिहास की जानकारी नहीं है। कंगना का अब तक के प्रचार के दौरान जनता से जुड़ाव नहीं हो पाया है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रत्याशी गंभीर और जनता से जुड़े हुए नेता हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे संयम एवं शांति रखें और सरकार को गिराने के लिए चोर दरवाजे न तलाशें। उन्होंने कहा कि चार जून को हिमाचल की सरकार पहले से भी ज्यादा मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की कोई लहर नहीं है। बल्कि भाजपा को कांग्रेस के कहर को झेलना पड़ेगा।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^