केशोड़-मुंबई मार्ग पर उड़ान सेवा शुरु
17-Apr-2022 09:50 PM 4316
नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (AGENCY) नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने भारत सरकार की आरसीएस-उड़ान (यूडीएएन) योजना के तहत केशोड़-मुंबई मार्ग पर शनिवार को उड़ान संचालन शुरु कर दिया। इसमें हवाई सेवा प्रदान करने वाली कंपनी एलायंस एयर को आरसीएस- 4.1 बोली प्रक्रिया के तहत यह मार्ग प्रदान किया गया था। मंत्रालय ने कहा कि केशोड़-मुंबई मार्ग पर विमान सेवा के साथ ही उड़ान-आरसीएस योजना के तहत अब 417 मार्गों पर हवाई संचालन किया जाएगा। एलायंस एयर उड़ान योजना के तहत केशोड़ को मुंबई से जोड़ने वाली पहली एयरलाइन कंपनी है। एयरलाइन बुधवार, शुक्रवार और रविवार को सप्ताह में तीन बार अपनी उड़ानें संचालित करेगी। मुंबई से विमान दोपहर 12 बजे प्रस्थान करेगा और दोपहर 1:25 बजे केशोड़ पहुंचेगा। जबकि केशोड़ से प्रस्थान का समय दोपहर 1:50 बजे होगा और यह दोपहर 3:10 बजे मुंबई पहुंचेगा। इस मार्ग पर कम दूरी की उड़ानों के लिए बने अपने 70 सीटों वाले एटीआर 72-600 टर्बो प्रोप विमान को तैनात करेगी। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्रभाई पटेल के साथ अन्य गणमान्य इसके उद्घाटन में मौजूद रहे। श्री सिंधिया ने कहा, “उड़ान (यूडीएएन) योजना के तहत यह नयी उड़ान हमारे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को मुंबई से जोड़ेगी जो देश की वित्तीय राजधानी के रूप में उन्हें प्रिय थी। इस नए मार्ग के शुरु होने से पर्यटक आसानी से मशहूर विश्व प्रसिद्ध पर्यटक आकर्षण - सोमनाथ मंदिर और गिर राष्ट्रीय उद्यान केशोड़ पर जा सकेंगे। इसके अलावा केशोड़ में फर्नीचर, कपड़ा, रसायन, सीमेंट आदि जैसे विभिन्न उद्योग स्थापित हैं, जो नए उड़ान मार्ग के शुरू होने से लाभान्वित होंगे।...////...
© 2025 - All Rights Reserved - mpenews | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^